रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी को दिया गया था जहर, 5 यूरोपीय देशों ने क्रेमलिन पर लगाया आरोप

ब्रिटेन समेत पांच यूरोपीय देशों ने दावा किया है कि रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी को घातक विष ‘एपिबैटिडीन’ दिया गया था। इन देशों ने इस हमले के लिए सीधे रूस को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, रूस की ओर से अभी इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मौत को लेकर ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, स्वीडन और नीदरलैंड समेत पांच यूरोपीय देशों ने बड़ा दावा किया है। इन देशों का कहना है कि रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी को एक घातक जहर देकर निशाना बनाया गया था। इन देशों ने इस हमले के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है। शनिवार को जारी पांचो देशों के संयुक्त बयान में यह दावा किया गया है। बता दें कि दो साल पहले रूसी विपक्षी नेता की हिरासत में मौत हो गई थी।

Vladimir Putin and Alexei Navalny

व्लादिमिर पुतिन और एलेक्सी नवेलनी।

दक्षिण अमेरिका में पाए जाने वाले मेंढकों का दिया गया था जहर

इन देशों के विदेश मंत्रालयों ने शनिवार को जारी संयुक्त बयान में कहा कि नवेलनी के सैंपलों की जांच के बाद विश्लेषण में “एपिबैटिडीन” नामक घातक विष की पुष्टि हुई है। यह जहर दक्षिण अमेरिका में पाए जाने वाले जहरीले मेंढकों (पॉयजन डार्ट फ्रॉग) में पाया जाता है और बेहद खतरनाक माना जाता है। इस बयान में कहा गया है कि इस हमले को अंजाम देने के लिए आवश्यक संसाधन, उद्देश्य और अंतरराष्ट्रीय कानून की अवहेलना करने की क्षमता केवल रूसी राज्य के पास ही थी। यूरोपीय देशों का कहना है कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय मानकों और मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।

End of Feed