Russian strike hits ArcelorMittal steel plant- यूक्रेन में स्थित प्रसिद्ध भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के मालिकाना हक वाले आर्सेलर मित्तल (ArcelorMittal) स्टील प्लांट पर रूस ने रविवार को भीषण मिसाइल हमला किया। इस हमले में दो लोगों की जान चली गई, जबकि 13 कर्मचारी और कांट्रैक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस मिसाइल हमले के कारण देश के सबसे बड़े स्टील कारखाने का संचालन आंशिक रूप से ठप हो गया है।
यूक्रेन में आर्सेलर मित्तल प्लांट पर मिसाइल हमला (File photo)
समाचार एजेंसी पीटीआई ने यूक्रेन के अंग्रेजी समाचार पत्र 'कीव पोस्ट' के हवाले से कहा कि आर्सेलर मित्तल की प्रेस सेवा के हवाले से बताया कि मिसाइल सीधे संयंत्र के प्रमुख हिस्सों पर गिरी। घटना के तुरंत बाद अग्निशमन कर्मी, बचाव दल और चिकित्सा कर्मी मौके पर पहुंचे और व्यापक राहत व बचाव अभियान शुरू किया गया।
प्लांट को पहुंचा भारी नुकसान
रूस के सरकारी समाचार पत्र 'रोसिया गजेटा' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला यूक्रेन के क्रिवी रिह (Kryvyi Rih) शहर में स्थित इस विशालकाय स्टील प्लांट के अहम ऊर्जा और ब्लास्ट फर्नेस उत्पादन सुविधाओं पर हुआ। हमले के बाद कंपनी ने उत्पादन प्रक्रियाओं को आंशिक रूप से बंद करने की घोषणा की है। रिपोर्ट में इस कारखाने को यूक्रेन के रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा परिसर का एक बेहद अहम हिस्सा बताया गया है। फिलहाल विशेषज्ञ और इंजीनियर प्लांट को हुए नुकसान की सीमा का आकलन कर रहे हैं और मरम्मत में लगने वाले समय का पता लगाने में जुटे हैं।
पहले भी हो चुका है हमला
नागरिक औद्योगिक बुनियादी ढांचे का हिस्सा माना जाने वाला यह स्टील प्लांट पहले भी रूसी हमले का शिकार हो चुका है। इससे पहले साल 2022 में भी इस प्लांट पर एक रूसी मिसाइल गिरी थी, जिसमें इसके रोलिंग मिल को भारी नुकसान पहुंचा था और एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। बता दें कि इससे पहले यूक्रेन ने सैकड़ों मिसाइलों से मॉस्को पर हमला बोलते हुए बड़े वेयरहाउस को बर्बाद कर दिया था। उसके जवाब में रूस ने आर्सेलर मित्तल को निशाना बनाया।
