दुनिया

कोलंबिया में बम विस्फोट और हेलीकॉप्टर हमले में 17 की मौत, कई अन्य लोग घायल; बागियों पर आरोप

कोलंबिया में एक कार में बम विस्फोट होने और एक पुलिस हेलीकॉप्टर पर हमले में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी है। राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने दोनों घटनाओं के लिए कोलंबिया के रेवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज के बागियों को जिम्मेदार ठहराया है, जिन्हें आमतौर पर ‘एफएआरसी’ के नाम से जाना जाता है।

Image

कोलंबिया में बड़ा हमला (फोटो- AP)

कोलंबिया में गुरुवार को हिंसक घटनाओं ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। उत्तरी कोलंबिया के एंटिओक्विया क्षेत्र में एक पुलिस हेलीकॉप्टर पर हमले और दक्षिण-पश्चिमी शहर कैली में एक कार में बम विस्फोट के चलते कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने इन हमलों के लिए कोलंबिया के रेवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज (एफएआरसी) के बागियों को जिम्मेदार ठहराया है।

हेलीकॉप्टर पर ड्रोन से हमला

एंटिओक्विया क्षेत्र में पुलिस हेलीकॉप्टर एक अभियान के तहत कोका पत्ती की फसलों को नष्ट करने के लिए जा रहा था। कोका पत्ती कोकीन के निर्माण के लिए कच्चा माल होती है, इसलिए इसका सफाया मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान का हिस्सा है। इसी दौरान हेलीकॉप्टर पर एक ड्रोन से हमला हुआ, जिससे विमान में आग लग गई और कम से कम 12 पुलिस अधिकारी मारे गए। प्रारंभ में राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने आठ अधिकारियों की मौत की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में एंटिओक्विया के गवर्नर आंद्रेस जूलियन ने मृतकों की संख्या बढ़कर 12 बताई, जबकि तीन अन्य घायल हैं। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने भी इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान में आग लगने का कारण यह हमला था।

कार बम विस्फोट में पांच की मौत

वहीं, दक्षिण-पश्चिमी शहर कैली में सैन्य विमानन स्कूल के पास एक कार में विस्फोट हुआ। यह विस्फोटक सामग्री से भरा था और धमाके में पांच लोग मारे गए जबकि 30 से अधिक घायल हुए हैं। इस विस्फोट के लिए भी राष्ट्रपति ने असंतुष्ट समूहों को जिम्मेदार बताया और विस्फोट स्थल से एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया गया है।

एफएआरसी और गल्फ क्लैन की भूमिका

प्रारंभ में राष्ट्रपति पेट्रो ने हेलीकॉप्टर हमले के लिए देश के सबसे बड़े मादक पदार्थ तस्करी गिरोह ‘गल्फ क्लैन’ को दोषी ठहराया था। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि दोनों हमलों में एफएआरसी बागी शामिल हैं, जो एंटिओक्विया क्षेत्र में सक्रिय हैं। एफएआरसी, जो कि 2016 में सरकार के साथ शांति समझौते को अस्वीकार कर चुके हैं, फिर से हिंसक गतिविधियों में शामिल हो गए हैं। गल्फ क्लैन भी इस क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के लिए कुख्यात है। दोनों समूहों की सक्रियता ने कोलंबिया की सुरक्षा स्थिति को और जटिल बना दिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article