दुनिया

गाजा पट्टी में हमास लड़ाकों को खोज-खोजकर मार रहा इजराइल, रात भर चली कार्रवाई में 15 की मौत

इजराइल गाजा में एक साल से कार्रवाई कर रही है। हमास के हमले के बाद इजराइल ने पहले हवाई हमला बोला था, फिर जमीनी कार्रवाई शुरू की थी।

Image

गाजा में इजराइल की कार्रवाई जारी

Photo : AP

गाजा पट्टी में इजराइल का एक्शन जारी है। इजराइल गाजा पट्टी में हवाई और जमीनी दोनों तरह से कार्रवाई कर रहा है। इजराइल की इस कार्रवाई में हमास के सैकड़ों लड़ाके मारे जा चुके हैं। इजराइल के ताजा हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है।

बालिया में हवाई और जमीनी हमला

दक्षिणी गाजा पट्टी में पूरी रात हुए इजराइली हमलों में छह बच्चों और दो महिलाओं समेत कम से कम 15 लोग मारे गए। फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इजराइल एक सप्ताह से अधिक समय से जबालिया में हवाई और जमीनी हमले कर रहा है। यहां के लेागों ने कहा कि कई परिवार अब भी अपने घरों और आश्रय शिविरों में फंसे हुए हैं।

42 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे गए

स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, गाजा में इजराइल के हमले में 42 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं और मरने वालों में आधे से अधिक महिलाएं एवं बच्चे हैं। युद्ध ने गाजा के बड़े क्षेत्र को बर्बाद कर दिया है और इसकी 23 लाख की आबादी में से लगभग 90 प्रतिशत लोग विस्थापित हो गए हैं। नासिर अस्पताल के अनुसार, मंगलवार की सुबह दक्षिणी शहर बेनी सुहैला में एक घर पर हमला हुआ, जिसमें एक ही परिवार के कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे और एक महिला शामिल हैं। यूरोपियन अस्पताल के अनुसार, निकटवर्ती शहर फखारी में मंगलवार की सुबह एक घर पर हमला हुआ, जिसमें तीन बच्चों और एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई।

हमास की कैद में अभी भी 100 इजराइली

हमास के नेतृत्व वाले उग्रवादियों ने एक साल पहले इजराइल में घुसकर हमला किया था। इस हमले में कम से कम 1,200 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर आम नागरिक थे। इस हमले के दौरान कम से कम 250 अन्य को अगवा कर लिया गया था। उन्होंने अब भी गाजा में करीब 100 लोगों को बंदी बनाया हुआ है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article