Indian Died In Georgia: जॉर्जिया में जिन 12 लोगों की लाश एक रिसॉर्ट में पाई गई थी, उनकी पहचान हो गई है। जॉर्जिया में स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि मरने वालों में 11 लोग भारतीय थे और एक स्थानीय नागरिक था। ये सभी भारतीय एक रिसॉर्ट में रूके थे, जहां वो रात को जब सोए तो सोए ही रह गए। मौत के कारणों को लेकर हंगामा मचा हुआ है, क्योंकि उनकी शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
जॉर्जिया में कैसे मरे 11 भारतीय
त्बिलिसी में भारतीय दूतावास के एक बयान के अनुसार, जॉर्जिया के एक पर्वतीय रिसॉर्ट गुडौरी में ग्यारह भारतीय नागरिक मृत पाए गए। जॉर्जिया के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने कहा कि प्रारंभिक निरीक्षण में चोट या हिंसा का कोई संकेत नहीं मिला। स्थानीय मीडिया ने पुलिस रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि सभी पीड़ितों की मौत कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता के कारण हुई।
शवों को भारत लाने की कोशिश
एक बयान में, भारतीय दूतावास ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा- “ भारतीय दूतावास, जॉर्जिया में ग्यारह भारतीय नागरिकों के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के बारे में जानकर दुखी है, और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दूतावास पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत वापस लाने की सुविधा के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। हम शोक संतप्त परिवारों के भी संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''
जॉर्जियाई पुलिस ने जांच की शुरू
पुलिस ने जॉर्जियाई आपराधिक संहिता के अनुच्छेद 116 के तहत एक जांच शुरू की है, जो लापरवाही से हुई हत्या से संबंधित है। प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चलता है कि शयनकक्षों के पास एक बंद जगह में एक बिजली जनरेटर रखा गया था। ऐसा माना जाता है कि शुक्रवार की रात बिजली गुल होने के बाद जनरेटर चालू किया गया था, जिसके कारण कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता हुई। जिससे इन लोगों की मौत हुई है। हालांकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।
