Boat Capsize Near Alcatraz Island: अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के तट से दूर समुद्र में एक पोंटून नाव डूबने से इसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, दो लोग लापता हैं। इसमें सवार 16 अन्य लोगों को बचा लिया गया है। सैन फ्रांसिस्को अग्निशमन प्रमुख डीन क्रिस्पेन ने मृतकों की संख्या की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार दोपहर अल्काट्राज द्वीप के पास घटनास्थल पर पहुंची टीमों को तीन डेक वाली एक पोंटून नाव मिली, जिसमें 19 लोग सवार थे।
सैन फ्रांसिस्को के पास डूबी नाव
नाव पलट गई थी और ज्यादातर पानी में डूबी हुई थी
क्रिस्पेन ने कहा, नाव पलट गई थी और ज्यादातर पानी में डूबी हुई थी। शुरुआत में इस नौका दुर्घटना को आग बताया गया था, लेकिन अब हमारे पास इसका कोई सबूत नहीं है। क्रिस्पेन ने बताया कि पानी में गिरने से कुछ लोग घायल हो गए, लेकिन किसी के जलने की कोई खबर नहीं है। जिस व्यक्ति की मृत्यु हुई, उसे 16 अन्य लोगों के साथ पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।
उन्होंने आगे कहा कि बचाव दल गोताखोरों, हेलीकॉप्टरों और 11 नौकाओं की मदद से लापता लोगों की तलाश में पानी में तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस समय हम पूरी तरह से बचाव कार्य में जुटे हैं। बचाए गए सभी लोगों को सैन फ्रांसिस्को के एक छोटे नौका बंदरगाह, गैशहाउस कोव मरीना ले जाया गया। फायर लेफ्टिनेंट मारियानो एलियास ने बताया कि “पोंटन प्लेजर बोट” नामक यह नौका अल्काट्राज से लगभग 600 गज (लगभग 550 मीटर) दूर थी और आपातकालीन कॉल दोपहर 3:30 बजे के तुरंत बाद आई थी।
सेंट फ्रांसिस यॉट क्लब के पास से रवाना हुई थी
क्रिस्पेन ने कहा कि माना जा रहा है कि नौका सैन फ्रांसिस्को के सेंट फ्रांसिस यॉट क्लब के पास से रवाना हुई थी। एक स्थानीय फॉक्स चैनल के वीडियो फुटेज में अग्निशमन विभाग की एक नौका को नाव पर सवार लोगों को बचाने के लिए तैनात दिखाया गया है। नाव का अधिकांश भाग पानी में डूबा हुआ था और उसके आसपास कुछ वस्तुएं तैर रही थीं।
घटनास्थल से लाइव वीडियो में एक पुरुष और एक महिला को कंबल में लिपटे हुए एम्बुलेंस के पास बैठे देखा गया। एलियास ने बताया कि तटरक्षक बल और ओकलैंड पुलिस ने भी लोगों को बचाने में मदद की।
