वायरल न्यूज़

महिला का दावा: उबले अंडों से निकला प्लास्टिक, वीडियो वायरल होने के बाद कंपनी ने दी सफाई

सोशल मीडिया पर एक बेहद ही चिंताजनक वीडियो इस वक्त जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें एक महिला का दावा है कि उसे उबले हुए अंडों में प्लास्टिक मिला। महिला के इस दावे पर अंडे बेचने वाली कंपनी का भी जवाब आया है, जहां कंपनी ने अपनी सफाई देते हुए इस मामले में जांच की बात कही है।

Image

महिला ने अंडों का वीडियो सोशल मीडिया पर किया शेयर (Instagram/@climbwithshalini)

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ने दावा किया है कि उसे पैकेज्ड अंडों के अंदर प्लास्टिक मिला है। वायरल हो रहे इस वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया। वीडियो के वायरल होने के तुरंत बाद अंडे बेचने वाली कंपनी ने अपनी सफाई दी है। महिला ने वीडियो में बताया कि उसने इन अंडों को ऑनलाइन ग्रॉसरी प्लेटफॉर्म से मंगवाया था।

क्या है पूरा मामला?

इस सनसनी मचा देने वाले वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शालिनी शर्मा नाम की महिला ने शेयर किया है। जिसमें वे उबले हुए अंडे दिखाती नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि जब उन्होंने अंडे उबाले और तोड़े, तो उन्हें जर्दी की जगह पीले रंग के धागे जैसे स्ट्रैंड्स दिखाई दिए, जो उन्हें प्लास्टिक जैसे लगे। वीडियो में वे कहती हैं कि पहले उन्होंने सिर्फ सुना था कि बाजार में नकली या प्लास्टिक के अंडे बिक रहे हैं, लेकिन अब उन्हें खुद अपने घर में ऐसा देखने को मिला। उनका दावा है कि अगर अंडे किसी और तरीके से पकाए जाते, तो शायद उन्हें यह पता भी नहीं चलता।

सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

वीडियो वायरल होते ही लोगों ने कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए चिंता जताई। कई यूजर्स ने ब्रांड और डिलीवरी प्लेटफॉर्म को टैग करते हुए जवाब मांगा। कुछ लोगों ने खाद्य सुरक्षा एजेंसी Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) को भी टैग किया और जांच की मांग की।

कंपनी ने क्या कहा?

वीडियो के कमेंट सेक्शन में अंडे बेचने वाली कंपनी की ओर से भी जवाब आया है। कंपनी ने लिखा कि उन्हें इस अनुभव के बारे में सुनकर दुख हुआ है और वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। कंपनी ने महिला से अपनी संपर्क जानकारी डायरेक्ट मैसेज में साझा करने को कहा, ताकि कस्टमर केयर टीम इसे जल्द से जल्द सुलझा सके।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article