हाल ही में कर्नाटक के जंगलों से एक बेहद खास और दुर्लभ वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया। इस वीडियो में एक तेंदुआ और एक ब्लैक पैंथर एक साथ पानी पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह अद्भुत नजारा भद्रा बैकवाटर्स के पास देखने को मिला। जिसे मशहूर वन्यजीव फोटोग्राफर सोहन सिंह ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और इसे इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया। सोहन सिंह ने वीडियो के साथ एक कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने लिखा कि, "जब प्रकृति के सितारे मिलते हैं, तब जादू होता है।” उनके अनुसार, तेंदुए और ब्लैक पैंथर को इतनी शांति से साथ देखना बहुत ही दुर्लभ पल है, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे।
एक साथ पानी पीते तेंदुआ और ब्लैक पैंथर (Instagram/@the_wildeye_captures)
ये भी पढ़ें: फुटपाथ पर स्कूटर चलाने से रोकने वाली महिला को केरल पुलिस ने किया सम्मानित, यह वीडियो भी हुआ वायरल
एक साथ पानी पीते नजर आए जंगल के दो शिकारी जानवर
वायरल हो रहे इस वीडियो में पहले तेंदुआ धीरे-धीरे पानी पीता नजर आता है। कुछ ही देर बाद ब्लैक पैंथर वहां आता है और बिना किसी लड़ाई या डर के, तेंदुए के पास बैठकर पानी पीने लगता है। दोनों शिकारी जानवर इतने पास होते हुए भी एक-दूसरे को नुकसान नहीं पहुंचाते, जो इस वीडियो को और भी खास बना देता है।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @the_wildeye_captures नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 2 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने देखा और करीब 9 लाख लोगों ने लाइक किया है। हजारों लोगों ने इस वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। जहां कई लोगों ने फोटोग्राफर के धैर्य और मेहनत की काफी तारीफ की है। वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट करते हुए कहा कि ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि प्रकृति कितनी सुंदर, रहस्यमयी और अनोखी होती है। जंगल में जानवरों के बीच ऐसा शांत व्यवहार बहुत कम देखने को मिलता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
