Viral Video: पाकिस्तान का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें प्रसिद्ध रेस्तरां के बंद होने की खबर से वहां के कर्मचारी सदमे में दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि, मैनेजमेंट से टर्मिनेशन लेटर मिलने के बाद कई कर्मचारी बेहोश हो गए और रोने लगे। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने 11 जून को इस्लामाबाद के प्रसिद्ध रेस्तरां मोनाल को बंद करने का आदेश दिया था। इसके अलावा इस्लामाबाद के मर्गल्ला हिल्स नेशनल पार्क के सभी रेस्तरां को भी बंद करने का आदेश दिया गया था।
इस निर्णय के बाद मोनाल ने 11 सितंबर, 2024 को अपना परिचालन बंद कर देने का ऐलान कर दिया। हिलटॉप रेस्तरां ने अपने फ़ेसबुक पेज पर लिखा, '2006 से, मोनाल परिवार के लिए पाकिस्तान और उसके खूबसूरत लोगों की सकारात्मक छवि को प्रदर्शित करना और सेवा करना एक परम आनंद था। यह यात्रा हमारे साथ जुड़ी टीम के लिए सफलता की कहानियों और भावनाओं से भरी थी, लेकिन अब अलविदा कहने का समय आ गया है।'
हालांकि, कई रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि, रेस्तरां बंद होने से 700 से अधिक कर्मचारी बेरोजगार हो जाएंगे। ऑनलाइन वायरल हुए एक वीडियो में एक कर्मचारी बुरी खबर सुनकर बेहोश होता दिख रहा है। वहीं, अन्य कर्मचारी टर्मिनेशन लेटर पकड़े अपने आंसू पोंछते दिख रहे हैं। मोनाल के मालिक लुकमान अली अफजल ने बेरोजगारी की चुनौतियों को देखते हुए कर्मचारियों को विदाई पत्र लिखा था। उन्होंने लिखा, 'काश मैं रातों-रात सभी को नौकरी दे पाता, लेकिन मौजूदा वित्तीय संकट को देखते हुए, समूह आपको अन्य परियोजनाओं में नियुक्त नहीं कर सकता। कृपया इसे ईश्वरीय इच्छा से लिया गया निर्णय मानकर स्वीकार करें और वैकल्पिक रोजगार की तलाश शुरू करें।'
नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की ये स्थिति देख सोशल मीडिया यूजर्स भावुक हो गए। वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, 'वह इसलिए बेहोश हो गया क्योंकि वह अपने परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में सोच रहा था।' एक अन्य ने लिखा, 'मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपना जीवनयापन करने के लिए बेहतर नौकरियां मिलें।'
(डिस्क्लेमर: यह खबर वायरल तथ्यों और दावों पर आधारित है। अत: टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
