Viral Video: इंटरनेट पर इन दिनों दिल छू लेने वाला एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में आप कुछ युवाओं को एक आवारा कुत्ते 'Ludo' का जन्मदिन मनाते हुए देख सकते हैं। जन्मदिन को बेहद भव्य तरीके से मनाया गया। आयोजन के लिए शहर भर में 'लूडो भाई को जन्मदिन की शुभकामनाएं' के बड़े-बड़े बैनर छपवाकर लगवाए गए। होर्डिंग में लिखवाया गया कि, 'हमारे प्रिय, वफ़ादार लूडो भाई को जन्मदिन की लाख लाख बधाइयां।' वायरल हो रहे इस वीडियो में लूडो को खुली जीप में घुमाया जा रहा है और उसके शुभचिंतक केक और आतिशबाजी के साथ इस अवसर को मना रहे हैं। लूडो पर फूलों की वर्षा की गई और उसे फूलों की माला पहनाई गई। वीडियो के अंत में एक सार्थक संदेश दिया गया है जिसमें लोगों से कुत्तों और अन्य मासूम जानवरों की रक्षा करने की अपील की गई है।
दावा किया जा रहा है कि, वायरल हो रहा ये वीडियो मध्य प्रदेश के देवास में रिकॉर्ड किया गया था। इंस्टाग्राम पर अंशु चौहान नाम के यूजर ने यह वीडियो पोस्ट किया है, जिसे करीब 1,82,000 बार देखा जा चुका है और इस पर कई कमेंट भी किए गए हैं। इस वीडियो को देखने के बाद यूजर्स भी लूडो भाई की क्यूटनेस पर फिदा हो गए। एक यूजर ने लिखा, 'यह खूबसूरत है, लेकिन सामान्य केक और मीठी चीजें कुत्तों के लिए अच्छी नहीं हैं। कृपया सावधान रहें।' दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'गोद लो, खरीदो मत- भारतीयों के लिए बहुत अच्छा संदेश।' तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'इस वीडियो ने मेरा दिन बना दिया! मेरे पास सचमुच कोई शब्द नहीं है। इन लोगों को मैं अपने दिल की गहराइयों से सलाम करता हूं।' चौथे यूजर ने कमेंट किया कि, 'आपने तो दिल खुश कर दिया भाई। हमारे स्ट्रीट डॉग्स भी किसी से कम नहीं हैं, ये नस्ल प्रेमियों के मुंह पर तमाचा है।'
