लग्जरी फैशन की दुनिया में अजीब और अलग डिजाइन कोई नई बात नहीं है। दुनिया के कई ऐसे ब्रांड्स हैं जो इस तरह के एक्पेरिमेंट अक्सर करते रहते हैं। हाल में सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा ही हटके एक फैशन का नमूना तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें प्रेस से जली हुई शर्ट बिकते नजर आई। जिसकी कीमत ने हर किसी को हैरान कर दिया।
मशहूर फैशन ब्रांड ने लॉन्च की यह शर्ट
इस शर्ट की तस्वीर को स्विट्जरलैंड के मशहूर फैशन ब्रांड Vetements ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की है। जिसने एक ऐसी शर्ट मार्केट में लॉन्च की है। जो आज तक शायद ही किसी ने की होगी। दरअसल, इस ब्रांड ने एक साधारण सफेद शर्ट पर प्रेस के जले हुए निशान का प्रिंट बनाकर उसे मार्केट में उतारा है।
आखिर खास क्या है इस शर्ट में?
तस्वीर में आप देख सकते हैं कि शर्ट पर आयरन बर्न यानी इस्त्री से जले हुए निशान जैसा प्रिंट बना हुआ है। इस शर्ट का नाम है White Ironing Burn Graphic Shirt और इसकी कीमत है $1,139, यानी आज की तारीख में लगभग 1 लाख रुपए से भी ज्यादा। यह शर्ट ओवरसाइज्ड फिट में आती है। इसके सीने की जेब के पास एक गहरे जले हुए दाग जैसा निशान बना हुआ है। देखने में यह बिल्कुल वैसा लगता है जैसे कपड़े पर इस्त्री ज्यादा देर तक रखने से निशान पड़ जाता है। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां यह गलती नहीं, बल्कि डिजाइन का हिस्सा है।
शर्ट की डिजाइन पर लोगों का रिएक्शन
जैसे ही इस शर्ट की तस्वीरें ऑनलाइन आईं, लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स ने मजाक करते हुए लिखा कि जब वे खुद अपनी सफेद शर्ट जला सकते हैं, तो इसके लिए $1,000 क्यों खर्च करें? एक अन्य यूजर ने लिखा, “मैं यह सालों से मुफ्त में कर रहा हूं।” दूसरे ने कहा, “मेरी वाइफ यह डिजाइन बिना पैसे के बना देती है।” वहीं, कुछ लोगों ने इसे फैशन का अजीब नमूना बताया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
