उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक मिठाई की दुकान पर खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान ऐसा मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया। जांच के दौरान जब दुकान के मालिक से उनकी दुकान पर बिक रही मिठाई का स्वाद लेने के लिए कहा गया, तो उन्होंने मिठाई खाने से साफ इनकार कर दिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अपनी ही दुकान की मिठाई खाने से दुकानदार इनकार करते हुए। (X/@gharkekalesh)
शिकायत मिलने पर पड़ा था दुकान पर छापा
बताया जा रहा है कि दुकान को लेकर शिकायत मिली थी कि यहां मिलावटी या नकली मिठाई बेची जा रही है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम जांच के लिए दुकान पर पहुंची। टीम के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने दुकान में रखी मिठाइयों और दूसरे खाद्य सामान की जांच शुरू की। इस दौरान दुकान पर मौजूद मिठाइयों के नमूने भी देखे गए। इसी बीच जांच का एक ऐसा पल कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसने पूरे मामले को सोशल मीडिया पर चर्चा में ला दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पुलिस ने दुकानदार को उसकी ही मिठाई खाने को कहा
वायरल वीडियो (Viral Video) में एक पुलिसकर्मी दुकान पर रखी मिठाई का एक टुकड़ा उठाता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद वह दुकान के मालिक की तरफ इशारा करता है, जैसे उनसे मिठाई खाने के लिए कह रहा हो लेकिन दुकानदार ने मिठाई खाने से मना कर दिया। दुकानदार ने हाथ जोड़कर मिठाई चखने से इनकार कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग भी दुकानदार की इस प्रतिक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
मामले की हो रही जांच
हालांकि, केवल मिठाई खाने से मना करने से यह साबित नहीं होता कि मिठाई मिलावटी थी। इसकी असली स्थिति जांच और लैब रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकती है। अधिकारियों ने दुकान से मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजे जाने की बात कही गई है। जांच के दौरान प्रशासन ने दुकान में मौजूद मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर भी कार्रवाई की। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ मिठाइयों को नष्ट करने का आदेश दिया गया। अब आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और नमूनों के नतीजों के आधार पर होने की उम्मीद है।
लोग के बीच बना चर्चा का विषय
इस घटना का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। लोग खास तौर पर इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि जब दुकानदार से उसकी ही दुकान की मिठाई खाने के लिए कहा गया, तो उसने ऐसा करने से मना क्यों किया। फिलहाल, वीडियो का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला हिस्सा यही है कि जांच के दौरान मिठाई खाने की बात सामने आते ही दुकानदार ने हाथ जोड़ दिए और उसे चखने से साफ इनकार कर दिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
