शादी के वीडियो तो सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते रहते हैं। कई भव्य शादियों के चर्चे भी होते हैं। हाल में एक शादी की चर्चा सोशल मीडिया पर हो तो रही है लेकिन उसका कारण बहुत ही अजीबोगरीब है। दरअसल, इस शादी में बारात निकलने के थोड़ी देर पहले ही लाइनमैन ने दूल्हे की आंखों के सामने ही उसके घर की बिजली काट दी। जिससे शादी वाला घर पूरी तरह अंधेरे में डूब गया।
खंभे पर चढ़कर दूल्हे के घर की बिजली काटता लाइनमैन (Instagram/@TimesNowNavbharat)
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस घटना का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि दूल्हे नीचे खड़ा है और इधर सीढ़ी लगाकर ऊपर खंभे पर चढ़ा लाइनमैन उसके घर की बिजली कनेक्शन काट रहा है। दूल्हा चुपचाप अपने घर की बिजली कटते देख रहा है।
ये भी पढ़ें: आस्था का चमत्कार या प्रकृति का खेल? कटनी के जंगल में बाघ की शिवभक्ति देख दंग रह गए लोग, Video हुआ वायरल
लाइनमैन ने काट दिया घर का बिजली कनेक्शन
मामला उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का बताया जा रहा है। यहां नूरपुर की डायमंड कॉलोनी में एक शादी वाले घर में उस समय अंधेरा छा गया, जब दूल्हे की बारात निकलने में सिर्फ कुछ ही घंटे बाकी थे। दूल्हा शुभम चौहान के घर पर 19 फरवरी की शाम शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। घर सजावट की रोशनी से चमक रहा था, डीजे पर गाने बज रहे थे और रिश्तेदार जश्न के मूड में थे। सब लोग बारात निकलने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अचानक बिजली विभाग का एक लाइनमैन घर के बाहर पहुंचा। परिवार का आरोप है कि वह खंभे पर चढ़ा और बिना कोई ठोस कारण बताए उस घर का बिजली कनेक्शन काट दिया। कुछ ही मिनटों में पूरा घर अंधेरे में डूब गया। डीजे बंद हो गया, लाइटें बुझ गईं और शादी का माहौल फीका पड़ गया।
दूल्हे के परिजनों ने शिकायत करने की बात कही
दूल्हे शुभम चौहान ने बताया कि उनके सभी बिजली बिल जमा हैं और घर में वैध मीटर लगा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना किसी सूचना के, वह भी शादी जैसे खास मौके पर, बिजली क्यों काटी गई? परिवार का कहना है कि अचानक हुए इस ब्लैकआउट से मेहमानों के सामने उन्हें शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। यह घटना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है। लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या ऐसे मामलों में पहले नोटिस देना जरूरी नहीं होता और क्या किसी शादी जैसे मौके पर थोड़ी संवेदनशीलता नहीं बरती जानी चाहिए? फिलहाल, परिवार ने इस मामले में उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि गलती किसकी थी, लेकिन इस घटना ने एक खुशियों भरी शाम को कुछ समय के लिए जरूर अंधेरे में बदल दिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
