सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने कई लोगों के दिलों को छू लिया। इस वीडियो में एक बेटे ने अपनी मां का वह सपना पूरा कर दिखाया। जिसका ख्वाब उसकी मां काफी लंबे समय से देखा करती थीं। खुद का सपना पूरा होते देख मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक आएं। मां के चेहरे पर खुशी के साथ-साथ बेटे के लिए गर्व के भी भाव देखने को मिला।
बेटे ने मां को पहली बार कराई फ्लाइट की यात्रा
इस अनमोल पल का वीडियो मनीष नाम के युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @manishh_mk_ से शेयर किया है। वीडियो के मुताबिक, मनीष अपनी मां को पहली बार हवाई जहाज की यात्रा कराने ले गए। वीडियो में यह भी बताया गया है कि मनीष की मां अपने पूरे परिवार में ऐसी पहली महिला हैं जिन्होंने हवाई जहाज से सफर किया। इस वीडियो और इस यात्रा को यही बात और भी खास बना देती है। यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि एक परिवार के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि थी।
मां की पहली उड़ान का अनुभव
वीडियो की शुरुआत IndiGo की फ्लाइट से होती है। जहां मां फ्लाइट में बैठते ही काफी एक्साइटेड नजर आती हैं। उनके चेहरे पर खुशी साफतौर पर झलक रही है। जिसमें देखा जा सकता है कि उन्हें अपने बेटे पर कितना गर्व है। जब फ्लाइट उड़ान भरती है, तब वे खिड़की से बाहर आसमान को देखती हैं। साथ ही फ्लाइट में आस-पास के माहौल को गौर से समझने की कोशिश भी करती हैं। उनके चेहरे पर जिज्ञासा, हैरानी और खुशी सब साफतौर पर झलक रही है।
मां के चेहरे पर दिखी खुशी और गर्व की भावना
वीडियो में भावुक पल तब आता है, जब वह फ्लाइट में दिया गया खाना खाती हैं और कैमरा को देखते ही वे शर्मीली मुस्कान देती हैं। उनकी यह मुस्कान बता रही थी कि यह पल उनके लिए कितना खास है। उड़ान के दौरान मां थोड़ी भावुक भी हो जाती हैं। उनकी आंखों में खुशी और गर्व दोनों साफ दिख रहे हैं। फ्लाइट में बैठने के बाद उन्हें देख ऐसा लग रहा है जैसे उन्होंने अपने जीवन में एक नई ऊंचाई को छू लिया हो।
वीडियो देख लोग भी हुए इमोशनल
इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी भावुक हो गए। कई लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर लिखा कि लड़का बहुत भाग्यशाली है जो वह अपनी मां के सपनों को पूरा कर रहा है। मां की खुशी इतनी अनमोल है कि वह इससे ज्यादा कभी कुछ नहीं कमा सकता। वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि हमारी असली खुशी इसी में है कि हम अपने माता-पिता को वो अनुभव दें, जिसका उन्होंने हमेशा से सपना देखा हो। वायरल हो रहे इस वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
