Train Viral Video: सोशल मीडिया पर रेलवे स्टेशन और ट्रेन से संबंधित कई तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं। रेलवे बार-बार यात्रियों से कहता है कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें, लेकिन कई लोग जल्दबाजी में इस सलाह को नजरअंदाज कर देते हैं और अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को सावधान रहने का संदेश दिया है। वीडियो में एक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी दिखाई देती है। कुछ यात्री उतर रहे होते हैं और कुछ चढ़ रहे होते हैं। तभी ट्रेन धीरे-धीरे चलना शुरू कर देती है। कई यात्री जल्दी से ट्रेन में चढ़ जाते हैं।
ट्रेन में चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन
इसी बीच करीब 75 साल के एक बुजुर्ग भी चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते हैं। अचानक उनका संतुलन बिगड़ जाता है और उनका पैर फिसल जाता है। वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की खाली जगह में फंस जाते हैं। यह नजारा बहुत डराने वाला था, क्योंकि जरा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था। खुशकिस्मती से पास खड़े एक यात्री ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया, जिससे वे नीचे गिरने से बच गए। उसी समय ड्यूटी पर मौजूद महिला कांस्टेबल रमा शर्मा भी वहां पहुंच गईं। उन्होंने तुरंत बुजुर्ग को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस घटना का वीडियो साउथ सेंट्रल रेलवे के आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किया गया है। पोस्ट में बताया गया कि आरपीएफ पोस्ट पूर्णा की महिला कांस्टेबल रमा शर्मा ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर ट्रेन संख्या 17614 में चढ़ते समय फिसले यात्री की जान बचाई। यह घटना सभी के लिए सीख है कि चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कभी न करें और सुरक्षा नियमों का पालन जरूर करें। यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस समय खूब देखा जा रहा है। इंटरनेट यूजर्स भी वीडियो देखने के बाद तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
