Viral Video: 30 साल के विशालकाय कछुए को रोज सैर पर ले जाता है शख्स, देखने के लिए उमड़ते हैं लोग

जापान के टोक्यो में हिसाओ मितानी अपने 30 साल के विशालकाय कछुए बोन-चान को साल 2006 से सैर पर ले जा रहे हैं। दोनों की अनोखी दोस्ती का वीडियो वायरल हो रहा है।

Viral Video: दुनिया में लोगों को अलग-अलग तरह के जानवर पालने का शौक होता है। किसी को कुत्ते पसंद होते हैं तो किसी को बिल्ली। कुछ लोग खरगोश और पक्षियों को भी अपने घर का हिस्सा बनाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी किसी ऐसे शख्स को देखा है, जो अपने पालतू कछुए को रोजाना सड़क पर सैर कराने के लिए लेकर निकलता हो? इन दिनों सोशल मीडिया (Social Media) पर जापान के एक शख्स और उसके विशालकाय कछुए का वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस वीडियो (Video) में दोनों की अनोखी दोस्ती देखने को मिल रही है।

tokyo man walks with 30 year old giant tortoise bon chan viral video

कछुए को लेकर सैर पर निकला शख्स (X/@naturelife_ok)

कछुए के साथ सैर पर निकलता है शख्स

दरअसल, यह मामला जापान की राजधानी टोक्यो का है। यहां हिसाओ मितानी नाम के एक शख्स अपने करीब 30 साल के विशालकाय कछुए के साथ सड़कों पर घूमते नजर आते हैं। उनके इस खास साथी का नाम बोन-चान (Bon-chan) है। दोनों की दोस्ती इतनी पुरानी है कि अब यह आसपास के लोगों के लिए भी किसी आकर्षण से कम नहीं है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: रामायण नाटक में मछली खाने और JCB स्टंट का Video वायरल

2006 से जारी है दोनों की सैर

जानकारी के मुताबिक, हिसाओ मितानी पेशे से फ्यूनरल डायरेक्टर यानी अंतिम संस्कार से जुड़ी सेवाओं का काम करते हैं। वह साल 2006 से अपने कछुए बोन-चान को लेकर टोक्यो के त्सुकिशिमा इलाके में टहलने निकलते हैं। खास बात यह है कि यह कोई एक-दो दिन का शौक नहीं है, बल्कि दोनों की यह दिनचर्या कई सालों से जारी है। बोन-चान भी अपने मालिक के साथ आराम से सड़क पर चलता दिखाई देता है। जहां आमतौर पर लोग अपने पालतू कुत्तों को पट्टे से बांधकर घुमाते हैं, वहीं हिसाओ अपने विशालकाय कछुए के साथ धीरे-धीरे कदम मिलाकर चलते हैं। उनकी इस अनोखी जोड़ी को देखने के लिए आसपास के लोग भी रुक जाते हैं।

पड़ोसी भी करते हैं बोन-चान से प्यार

इस कहानी की सबसे प्यारी बात यह है कि बोन-चान सिर्फ अपने मालिक का ही नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले का चहेता बन चुका है। आसपास रहने वाले लोग भी उसे खूब पसंद करते हैं। यहां तक कि कुछ पड़ोसियों ने उसके लिए खास तौर पर छोटी-छोटी टोपियां और कपड़े तक बनाए हैं। कई बार बोन-चान इन खास कपड़ों और टोपियों में नजर आता है। उसका यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आता है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस अनोखे कछुए और उसके मालिक की दोस्ती की तारीफ कर रहे हैं।

दोस्ती की अनोखी मिसाल है यह जोड़ी

आज के समय में जहां लोग अपनी व्यस्त जिंदगी में अपनों के लिए भी मुश्किल से समय निकाल पाते हैं, वहीं हिसाओ और बोन-चान की यह जोड़ी एक अलग ही कहानी बयां करती है। करीब दो दशक से जारी उनकी साथ में सैर बताती है कि इंसान और जानवर के बीच कितना खास रिश्ता बन सकता है। यही वजह है कि टोक्यो की सड़कों पर टहलते इस शख्स और उसके विशालकाय कछुए की कहानी अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है।

End Article
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करत...

End of Feed