किसी भी देश का भविष्य शिक्षा ही गढ़ती है और यह शिक्षा देने के काम टीचर्स का होता है। तभी गुरुओं को देवता से भी ऊपर का दर्जा दिया गया है। टीचर्स बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ उनके सुनहरे भविष्य को गढ़ने का काम करते हैं लेकिन यह बहुत ही दुख की बात है कि हमारे देश में ऐसा नसीब हर किसी बच्चे का नहीं है। कुछ बच्चे पैदा होने के जैसे ही अपने कदमों से चलना शुरू करते हैं, वैसे ही उन पर घर की जिम्मेदारियों का बोझ डाल दिया जाता है। उनसे सड़कों पर भीख मंगवाई जाती है। छोटे-मोटे सामान बेचने को मजबूर किया जाता है। ऐसे में ये बच्चे शिक्षा से लाखों कोस दूर हो जाते हैं।
बेघर बच्चों को शिक्षा देते नजर आए टीचर
ऐसे ही बेघर बच्चों को शिक्षा देने का काम एक टीचर कर रहा है। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसे सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि यह वीडियो साउथ दिल्ली के शेख सराय इलाके का है। जहां एक टीचर बेघर बच्चों को सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट के नीचे पढ़ाते हुए नजर आ रहा है। वह ऐसा ना कोई फेम या फिर वायरल होने के लिए कर रहा है बल्कि वह निस्वार्थ मन से इंसानियत के नाते उन बच्चों को शिक्षा देते नजर आ रहा है।
वीडियो ने जीता हर एक का दिल
दिल को छू लेने वाले इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे लगे एक स्ट्रीट लाइट के नीचे वह टीचर एक चबूतरे पर बैठा हुआ है और टीचर के आस-पास 3-4 बच्चे बैठ पढ़ाई करते दिख रहे हैं। उनमें से एक की कॉपी टीचर चेक कर रहे हैं। वीडियो को देख लोग कमेंट कर टीचर की खूब तारीफ कर रहे हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "ये असली गुरु हैं।" दूसरे ने लिखा, "देश में शिक्षा की सच्ची तस्वीर यही है।" तीसरे ने लिखा, "ऐसे मास्टर जी की वजह से कुछ उम्मीद बाकी है।" वहीं कुछ लोगों ने इस वीडियो को "सबसे इंस्पायरिंग वीडियो ऑफ द ईयर" बताया।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
