वायरल न्यूज़

25 दिनों से एक ही जगह पर दिख रहा कोबरा सांप, अंधविश्वास में फंसे लोग, देवता मान शुरू कर दिया भजन-कीर्तन

धौलपुर जिले के राजाखेड़ा में एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां एक कोबरा सांप करीब 25 दिनों से एक ही जगह पर आकर घण्टों बिताता है और दोपहर ढलते ही झाड़ियों में चला जाता है। अब इसे अंधविश्वास या आस्था का खेल कहें, ग्रामीण सांप को देवी-देवता का रूप मानकर उसकी पूजा कर रहे हैं और उसे प्रसन्न करने के लिए भजन-कीर्तन कर रहें हैं।

Image

सांप का वीडियो आया सामने (Times Now Navbharat)

राजस्थान के धौलपुर जिला के राजाखेड़ा क्षेत्र में इन दिनों एक अनोखा मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां सड़क किनारे एक कोबरा सांप पिछले करीब 25 दिनों से रोज़ एक ही जगह पर आकर घंटों बैठता है और दोपहर ढलते ही झाड़ियों में चला जाता है। सांप के इस अजीबोगरीब व्यवहार को देखकर ग्रामीणों में हैरानी के साथ-साथ आस्था भी बढ़ती जा रही है।

सांप को लोग मान बैठे देवी-देवता का रूप

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सांप रोज सुबह करीब 11 बजे आता है और दोपहर 3 बजे तक वहीं रहता है। इसके बाद वह पास की झाड़ियों में चला जाता है। खास बात यह है कि इतनी भीड़ और लोगों की मौजूदगी के बावजूद सांप किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता। इसी वजह से कई लोग इसे देवी-देवता का रूप मानने लगे हैं।

सांप की पूजा के लिए दूर-दूर से आ रहे हैं लोग

धीरे-धीरे यह मामला पूरे इलाके में फैल गया और अब दूर-दूर से लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं। कुछ ग्रामीणों ने तो सांप को खुश करने के लिए भजन-कीर्तन भी शुरू कर दिया है। ढोलक और मंजीरों के साथ रोज पूजा-पाठ किया जा रहा है। लोगों का मानना है कि यह कोई साधारण सांप नहीं, बल्कि किसी शक्ति का प्रतीक है।

वन विभाग ने बताई सच्चाई

हालांकि, वन विभाग इस सोच को पूरी तरह गलत मानता है। धौलपुर के वन विभाग अधिकारियों के अनुसार, यह केवल लोगों का अंधविश्वास है। फरवरी का महीना सांपों के लिए प्रजनन यानी मेटिंग का समय होता है। इस दौरान वे धूप सेंकने, शरीर का तापमान बनाए रखने और शिकार की तलाश में बाहर निकलते हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि कोबरा बेहद जहरीला होता है और इसके काटने से जान का खतरा हो सकता है। अगर समय पर इलाज न मिले, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। इसलिए लोगों को सांप से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article