कमाई करने के लिए कई लोगों का फंडा बड़ा सिंपल होता है। अमीर आदमी देखो और उससे मनमाना दाम वसूलो, इज्जत के लिए वह मना तो कभी नहीं करेगा। इसी बात का फायदा उठाकर कुछ लोग बेईमानी कर के खूब पैसा बनाते हैं। हाल में कुछ ऐसे ही हालात के शिकार बने स्नैपडील के को-फाउंडर कुणाल बहल। जिन्होंने अपने साथ घटी घटना का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने बताया कि वे अपने काम के सिलसिले में किसी होटल में ठहरे हुए थे। इस दौरान उन्होंने होटल वालों को अपने कुछ कपड़े लॉन्ड्री के लिए दिए। जिसके बाद होटल वालों ने उन्हें जो बिल थमाया, वह देखकर उनके होश ही उड़ गए।
क्या कहा कुणाल बहल ने?
कुणाल बहल ने अपने एक्स पोस्ट में होटल लॉन्ड्री का बिल भी शेयर किया है। जिसमें उन्होंने बताया है कि सिर्फ 7 साधारण कपड़ों की धुलाई के लिए होटल वालों ने उनसे 5,900 रुपए + टैक्स वसूले हैं। टैक्स हटाकर देखें तो एक कपड़े की कीमत 800 रुपये से भी ज्यादा पड़ रही है। बहल ने लिखा कि कुछ कपड़ों की कीमत तो उनकी धुलाई से भी कम थी। कुणाल ने आगे लिखा कि होटल सेवाएं बदलती उपभोक्ता उम्मीदों से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या कोई स्टार्टअप लॉन्ड्री के लिए क्विक कॉमर्स मॉडल बना रहा है? यानी ऐप के जरिए जल्दी कपड़े धोने और डिलीवर करने की सुविधा।
पोस्ट पर लोगों की प्रतिक्रिया
कुणाल बहल के इस पोस्ट पर कई लोगों की प्रतिक्रिया भी आ चुकी है। जहां कई लोगों ने उनके इस पोस्ट पर तरह-तरह के सुझाव दिए। जैसे उनके पोस्ट पर कुछ यूजर्स का कहना था कि अक्सर होटल वाले मनमाने ढंग से कीमत वसूलते हैं। कुछ ने होटल की कीमतों को जरूरत से ज्यादा बताया। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि भारत में क्विक कॉमर्स लॉन्ड्री मॉडल चलाना आसान नहीं होगा, क्योंकि ऐसी सेवाओं में मुनाफा कमाना मुश्किल हो सकता है। कई यूजर्स ने इस पर मजाकिया अंदाज में भी कमेंट किया और कहा कि अमीर आदमी देखा नहीं कि लूटना शुरू कर दिया। एक अन्य यूजर ने कमेंट कर कहा कि शायद कपड़े किसी खास तरीके से हाथ से धोए गए होंगे।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
