दिवाली का त्योहार रोशनी, खुशियों और आतिशबाजी के लिए जाना जाता है। इस दिन आसमान में चमकती रंग-बिरंगी रोशनी हर किसी का मन मोह लेती है लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर दिवाली के दौरान अंतरिक्ष से धरती को देखा जाए तो नजारा कैसा होगा? भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने एक ऐसा ही खूबसूरत वीडियो (Video) अपने शेयर किया है, जिसमें धरती पर बिजली चमकती दिखाई दे रही है। अंतरिक्ष से देखने पर बिजली की ये चमक किसी आतिशबाजी से कम नहीं लग रही।
अंतरिक्ष से धरती पर चमकती बिजली का वीडियो शुभांशु शुक्ला ने शेयर किया। (X/@gagan_shux)
अंतरिक्ष से दिखा प्रकृति की आतिशबाजी का नजारा
शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) ने अपने इस वीडियो के साथ एक खास मैसेज भी शेयर किया है। उन्होंने बताया कि दिवाली हमेशा से उनका पसंदीदा त्योहार रहा है। बचपन से ही उन्हें इस त्योहार की रोशनी, चमक और पटाखों से खास लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में रहते हुए जब उन्होंने धरती की ओर देखा, तो वहां बिजली चमकती नजर आई। आसमान से नीचे देखने पर बिजली की ये चमक उन्हें प्रकृति की अपनी आतिशबाजी जैसी लगी। धरती पर अलग-अलग जगहों पर चमकती बिजली का नजारा बेहद खूबसूरत था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चलती कार में लगी आग, देखते ही देखते जलकर हुई राख
दिवाली के मौके पर शेयर किया Video
शुभांशु ने बताया कि अंतरिक्ष से इस तरह का नजारा देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव था। उन्हें लगा कि प्रकृति भी अपने अंदाज में रोशनी का त्योहार मना रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह दिवाली पर लोग अपने घरों को दीयों और रोशनी से सजाते हैं, उसी तरह अंतरिक्ष से धरती पर चमकती बिजली भी रोशनी का एक अलग और खूबसूरत रूप दिखाती है।
लोगों को दी धनतेरस और दिवाली की शुभकामनाएं
वीडियो के साथ शुभांशु शुक्ला ने अपने दोस्तों और उनके परिवारों को धनतेरस की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कामना की कि त्योहार का यह मौसम सभी के घरों और दिलों को रोशनी, खुशियों, अच्छी सेहत और समृद्धि से भर दे।
