सनातन धर्म को समर्पित एक विदेशी युवक का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक रशियन भक्त किसी पंडित की तरह हवन कुंड के सामने बैठकर मंत्रोच्चार के साथ हवन कर रहा है। वीडियो में रूसी व्यक्ति को आप संस्कृत मंत्रों का उच्चारण करते हुए अग्नि में आहुति देते देख सकते हैं। रूसी व्यक्ति का मंत्र उच्चारण इतना साफ और सटीक है कि उसे सुनकर कोई भी यह नहीं कह सकता कि ये कोई विदेशी शख्स है जो मंत्र पढ़ रहा है।
वैदिक विधि-विधान से यज्ञ करता दिखा रूसी शख्स
वीडियो में रूसी शख्स को पूरे वैदिक विधि-विधान से यज्ञ को संपन्न करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि उस रूसी व्यक्ति ने बाकायदा धोती पहना है और गले में रूद्राक्ष की माला डाले हुए है साथ ही उसने जनेऊ भी धारण किया है। वीडियो के टाइटल में बताया गया है कि वह रूसी व्यक्ति नरसिम्हा यज्ञ कर रहा है। उसके हाथ-पैर समेत पूरे शरीर पर टैटू गुदे हुए हैं। फिर भी उसकी आस्था और धर्म के प्रति समर्पण देख उसे सच्चा भक्त कहने में कोई दो राय नहीं है।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @mantra_saadhana नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। साथ ही इस वीडियो पर सैकड़ों लोगों के कमेंट्स भी आए हैं। जहां लोगों ने इस विदेशी शख्स के मंत्रोच्चार के लिए जमकर तारीफ की है। कई यूजर्स ने लिखा, "सनातन धर्म की यही खूबसूरती है, यह हर किसी को अपना बना लेता है।" एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "रशियन ब्राह्मण! यह शब्द ही साबित करता है कि ब्राह्मण कोई जाति नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक स्थिति है।" तीसरे ने लिखा, "विदेशी भक्त हमें हमारी परंपरा की याद दिला रहे हैं।" जबकि, कुछ ने भावुक होकर कहा, "जब हम सेक्युलर बन रहे हैं, तब विदेशी सनातन सिखा रहे हैं।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
