Ajab Gajab News: पंजाब के फरीदकोट से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बॉयफ्रेंड अपनी गर्लफ्रेंड का रूप धारण कर उसकी जगह परीक्षा देने पहुंच गया। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उसे गेट पर कोई पहचान नहीं पाया और वह परीक्षा केंद्र के अंदर तक पहुंच गया। यहांं तक कि वह एक्जाम रूम में बैठकर परीक्षा भी देने लगा। हालांकि, बायोमैट्रिक डिवाइस से वह बच नहीं पाया और आखिरकार पकड़ा गया। इस मामले के सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन हैरान है।
गर्लफ्रेंड की जगह पहुंचा परीक्षा देने (ट्विटर)
मोहब्बत में खुद को कर दिया कुर्बान!
कोटकपूरा के डीएवी पब्लिक स्कूल की बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता की परीक्षा आयोजित की थी। इस परीक्षा में फाजिल्का के रहने वाला अंग्रेज सिंह नाम का युवक अपनी गर्लफ्रेंड परमजीत कौर का रूप धारण करता है और उसकी जगह पर परीक्षा देने पहुंच जाता है। इसके लिए बॉयफ्रेंड ने अपने हाथों में लाल चूड़ियां पहनीं, माथे पर बिंदी लगाई और होंठों पर लिपस्टिक लगाकर परीक्षा देने पहुंचा। सिर्फ यही नहीं बॉयफ्रेंड बकायदा अपनी गर्लफ्रेंड का पंजाबी सूट पहनकर आया था।
बायोमेट्रिक डिवाइस से पकड़ा गया बॉयफ्रेंड
आरोपी बॉयफ्रेंड के अपने सिर पर टोपी भी पहनी थी। हालांकि, बॉयफ्रेंड को यह नहीं पता था कि उसकी उंगलियों के निशान उसकी गर्लफ्रेंड से मैच नहीं खाएंगे और वह बायोमेट्रिक डिवाइस स्कैनर से पकड़ा जाएगा। जब बॉयफ्रेंड की उंगलियां उसकी गर्लफ्रेंड परमजीत कौर की उंगलियों से मेल नहीं खाईं तो उसे धर दबोचा गया। बता दें कि बॉयफ्रेंड ने बकायदा नकली आधार कार्ड और मकली मतदाता कार्ड भी बनवाया था। बॉयफ्रेंड अंग्रेज सिंह ने अपनी गर्लफ्रेंड परमजीत कौर के पहचान पत्र पर नकली तस्वीर भी लगाई थी। बॉयफ्रेंड को पकड़ने के बाद स्कूल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अंग्रेज सिंह को गिरफ्तार करके उसकी गर्लफ्रेंड परमजीत कौर का फॉर्म खारिज कर दिया।
