Nita Ambani Video: रिलायंस इंडस्ट्रीज के वार्षिक दिवाली डिनर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खासा चर्चा में है। इसमें नीता अंबानी रतन टाटा को भावभीनी श्रद्धांजलि देती हुई नजर आ रही हैं। दिवंगत रतन टाटा को प्रिय आइकन को और 'भारत का महान सपूत' बताते हुए नीता अंबानी ने उन्हें याद किया। साथ ही नीता अंबानी ने बताया कि, कैसे वह न केवल एक पारिवारिक मित्र थे, बल्कि उनके बेटे आकाश अंबानी के गुरु भी थे। बता दें कि, भारत के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का 9 अक्टूबर को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया, जहां उन्हें गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था।
नीता अंबानी ने अपने संबोधन में कहा, 'चार दिन पहले हमने भारत के एक महान सपूत को खो दिया। श्री रतन टाटा के निधन से हम सभी को बहुत दु:ख हुआ है। वह मेरे ससुर (धीरूभाई अंबानी), मुकेश और हमारे परिवार के प्रिय मित्र थे। वह आकाश के गुरु भी थे।' नीता अंबानी ने रतन टाटा को एक दूरदर्शी उद्योगपति और परोपकारी बताया। कहा कि, उन्होंने हमेशा समाज की भलाई के लिए प्रयास किया। भाषण के बाद नीता अंबानी ने सभी से अपने स्थान पर खड़े होकर दिवंगत रतन टाटा के सम्मान में एक मिनट का मौन रखने की अपील की। इसके बाद अंबानी परिवार समेत बड़ी तादात में कर्मचारियों द्वारा रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी गई। कुछ ही देर के बाद यह वीडियो वायरल हो गया।
सोशल मीडिया यूजर्स ने एक बार फिर दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक जताया। एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, 'मेरी श्रद्धांजलि।' दूसरे ने लिखा, 'RIP'। अन्य लोगों ने भी यही टिप्पणी की। कुछ लोगों ने हाथ जोड़कर या दिल वाले इमोजी का उपयोग करके भाषण पर प्रतिक्रिया व्यक्त की।
गौरतलब है कि, इससे पहले मुकेश अंबानी ने एक बयान जारी कर अपने प्रिय मित्र रतन टाटा के निधन पर दु:ख व्यक्त किया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक ने एक बयान में कहा, 'यह भारत और भारतीय उद्योग जगत के लिए बहुत दु:खद दिन है। रतन टाटा का निधन न केवल टाटा समूह के लिए, बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए एक बड़ी क्षति है। निजी तौर पर रतन टाटा के निधन से मुझे बहुत दु:ख हुआ है क्योंकि मैंने एक प्रिय मित्र खो दिया है। उनके साथ मेरी प्रत्येक मुलाकात ने मुझे प्रेरित और ऊर्जावान बनाया और उनके चरित्र की महानता और उनके द्वारा अपनाए गए उत्कृष्ट मानवीय मूल्यों के प्रति मेरा सम्मान बढ़ाया।'
