MP Panchayat Minister: मध्यप्रदेश के पंचायत मंत्री ने कांग्रेस नेताओं को खुलेआम धमकाते हुए कहा है कि वो बीजेपी में शामिल हो जाएं, नहीं तो बुलडोजर तैयार है। भाजपा के इस मंत्री ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के गढ़ में यह धमकी दी है। इसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है वीडियो में
वीडियो में मध्यप्रदेश के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया एक जनसभा को संबोधित करते दिख रहे हैं। वहां मौजूद लोगों से सिसोदिया कह रहे हैं-"कांग्रेस के सदस्यों सुनों, भाजपा में शामिल हो जाओ। धीरे-धीरे इस तरफ (सत्तारूढ़ पार्टी) की ओर बढ़ो। 2023 में भाजपा सरकार बनाएगी। मामा का बुलडोजर तैयार है।"
दिग्विजय सिंह का गढ़
महेंद्र सिंह सिसोदिया ने राघौगढ़ के में यह धमकी भरा बयान दिया है, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का क्षेत्र है। महेंद्र सिंह सिसोदिया राघौगढ़ नगर निकाय चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे थे।
गिर चुकी है कांग्रेस की सरकार
पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ही सरकार बनी थी। उसके पास ही बहुमत था। भाजपा की सरकार कई सालों बाद सत्ता से बाहर हुई थी, लेकिन कुछ महीनों बाद ही राहुल गांधी के करीबी कांग्रेस नेताओं में से एक ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पलटी मारी और कई विधायकों के साथ भाजपा में चले गए, जिससे कांग्रेस की सरकार अल्पमत में आ गई और भाजपा फिर से सत्ता में आ गई।
क्यों याद दिलाया बुलडोजर
यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर नीति पर जोर दे रखा है। इसी का अनुशरण कई भाजपा शासित अन्य राज्य भी कर रहे हैं, जिसमें मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान की सरकार भी शामिल है। विपक्ष इस नीति को लेकर भाजपा की आलोचना करते रहा है। शायद यही कारण है कि बीजेपी के मंत्री ने बुलडोजर की धमकी दी है।
