सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन कई तरह के वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जो चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ-साथ दिल भी छू लेते हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। जिसमें एक नानी AI की आवाज से बड़े प्यार और अपनापन से बातें करती नजर आ रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि AI से बात करते हुए नानी को ऐसा लगता है कि जैसे वह किसी असली इंसान से बात कर रही हैं।
AI से नानी की बातचीत का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@abhiruchi_bhatti)
AI से नानी की प्यारी बातचीत हुई वायरल
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर अभिरुचि भट्टी ने अपने अकाउंट @abhiruchi_bhatti से शेयर किया है। वीडियो में अभिरुचि अपनी नानी को फोन देती हैं और उनसे AI से बात करवाती हैं। बातचीत के दौरान AI नानी का हाल पूछता है तो वह भी बिल्कुल आराम से और प्यार से जवाब देती हैं। नानी को इस बात का अंदाजा नहीं होता कि फोन के दूसरी तरफ कोई इंसान नहीं, बल्कि AI है। वह पूरी मासूमियत के साथ बातचीत करती रहती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
AI को बहू समझ बैठीं नानी
इसी दौरान बात शादी तक पहुंच जाती है। पोती बताती हैं कि जिस व्यक्ति के लिए बहू ढूंढी गई है, वह विदेशी है, लेकिन हिंदी बोलती है। यह सुनकर नानी भी बातचीत में शामिल हो जाती हैं। वह शादी और परिवार से जुड़ी बातें पूछती हैं। बातचीत के दौरान नानी की मुस्कान और उनका सहज अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है। आखिर में वह यही कहती नजर आती हैं कि दोनों को खुश रहना चाहिए। उनकी बातों में एक बुजुर्ग की वही सादगी और अपनापन दिखाई देता है, जो इस वीडियो को खास बना देता है।
पोती भी नहीं बता पाईं सच्चाई
वीडियो शेयर करते हुए अभिरुचि ने बताया कि उनकी नानी सच में मान रही थीं कि दूसरी तरफ कोई असली व्यक्ति है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें नानी को सच्चाई बताने की हिम्मत ही नहीं हो रही थी। उनके इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी भावुक हो गए। कई लोगों ने नानी की मासूमियत की तारीफ की। किसी ने उन्हें बेहद प्यारा बताया तो किसी ने कहा कि बुजुर्गों की यही सादगी सबसे खूबसूरत चीज है।
लोगों को याद आई नानी
इस वीडियो (Video) ने कई लोगों को अपनी नानी-दादी की याद दिला दी। लोगों का कहना है कि तकनीक कितनी भी आगे बढ़ जाए, लेकिन बुजुर्गों का भरोसा, प्यार और अपनापन अपने आप में खास है। फिलहाल नानी और AI की यह प्यारी बातचीत इंटरनेट पर लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रही है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
