क्रिकेट ना सिर्फ भारत में बल्कि कई अन्य देशों में भी लोगों का पसंदीदा खेल है। भारत में गली क्रिकेट का भी क्रेज ऐसा है कि लोग आपको हर एक गली-मोहल्ले में भी क्रिकेट खेलते दिख जाएंगे। हाल में कई बार इसकी झलक हमें सोशल मीडिया पर भी देखने को मिलती है। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इस वक्त खूब वायरल हो रहा है। मगर इस बार का यह वीडियो भारत का नहीं बल्कि वजीरिस्तान का है। जहां एक साथ कई बच्चों को क्रिकेट खेलते देखा जा सकता है।
वीडियो में लड़की की धुआंधार गेंदबाजी देख लोग रह गए सन्न
इस वीडियो में जो सबसे कमाल की बात है, वह ये है कि इन बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने वालों में एक बच्ची भी शामिल है। जो अपने बॉलिंग और बैटिंग स्किल से लोगों का दिल जीत ले रही है। वीडियो में बच्ची को तेज गेंदबाजी करते देखा जा सकता है। जिसकी बॉलिंग के सामने कोई टिक नहीं पा रहा है। बच्ची अपनी तेज, धारदार गेंदबाजी से सामने वाले बैट्समैन के छक्के छुड़ा रही है। वीडियो में आगे उसे बैटिंग करते हुए भी देखा जा सकता है, जहां वह हर एक गेंदबाज की बॉल को ऐसे धो रही है जैसे कोई प्रोफेशनल बैट्समैन गेंदबाज की गेंद पर ताबड़तोड़ शॉट लगा रही है।
वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा वायरल
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @RealWahidaAFG नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि यह नजारा ग्रेटर अफगानिस्तान के हिस्से वजीरिस्तान का है। जो बच्ची वीडियो में क्रिकेट का अपना जलवा दिखा रही है, उसका नाम आइना वजीर है। बच्ची के क्रिकेट स्किल को देख लोग उसकी टैलेंट की खूब तारीफ कर रहे हैं। जहां कई लोगों ने कहा कि अगर अफगानिस्तान की महिला क्रिकेट टीम होती तो इस बच्ची को जरूर उसका हिस्सा बनाना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
