शादी से जुड़े वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। स्क्रॉल करते हुए आपकी फीड में भी ऐसे वीडियो देखने को मिल जाते होंगे। हाल में शादी से जुड़ा एक और खूबसूरत पल का वीडियो सामने आया है। जो लोगों को शादी के बाद पति-पत्नी के बराबरी के दर्जे का असली मतलब समझा रहा है।
शादी में दुल्हन ने छुए दूल्हे के पैर
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक विदेशी दूल्हे से भारतीय दुल्हन की शादी हो रही है। शादी की रस्मों के दौरान दुल्हन ने अपने विदेशी दूल्हे के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। भारत में यह परंपरा सदियों से निभाई जाती रही है, जहां पत्नी पति के प्रति सम्मान जताने के लिए ऐसा करती है, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे माहौल को बदल दिया।
दूल्हे ने भी छू लिए अपनी दुल्हन के पैर
अगले ही पल दूल्हे ने बिना वक्त गंवाए, तुरंत झुककर अपनी दुल्हन के पैर भी छू लिए। ऐसा करने के लिए उससे किसी ने कहा नहीं था। न ही यह उसकी संस्कृति का हिस्सा था। वह विदेश में पला-बढ़ा था, जहां ऐसी परंपरा कोई नहीं निभाता, फिर भी उसने ऐसा कदम उठाया, जो प्यार और सम्मान की नई मिसाल बन गया।
लोगों ने तालियों से किया दूल्हे के इस फैसले का स्वागत
दूल्हे को पैर छूते देख दुल्हन शरमा जाती है और वह प्यार से उसे ऊपर उठाकर हंसते हुए गले लगा लेती है। यह देख शादी का हॉल एक पल के लिए शांत हो जाता है। फिर तालियों की गड़गड़ाहट और खुशी भरा माहौल देखने को मिलता है। यह देख आप कह सकते हैं कि यह कोई रस्म नहीं बल्कि एक शानदार मैसेज था। जो यह दिखाता है कि शादी में प्यार और सम्मान दोनों तरफ से होना चाहिए।
वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा वायरल
इस वीडियो को सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफॉर्म्स पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। हमने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए @pulseindia.in नाम के अकाउंट से लिया है। जिसे अब तक 3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा और 12 लाख लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां लोगों ने दूल्हे के इस व्यवहार की खूब सराहना की, साथ ही शादी में बराबरी के इस खास मैसेज को भी सराहा।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
