यूं तो आपको यह पता ही होगा कि पुलिस सदैव आपकी सेवा में तत्पर रहती है। अगर आप किसी परेशानी में है तो 112 नंबर पर कॉल कर तुरंत पुलिस को बुला सकते हैं। आपके एक कॉल मात्र से पुलिस आपकी सेवा में हाजीर हो जाएगी। लेकिन एक शख्स ने 112 नंबर पर फोनकर पुलिसवालों से अपनी इतनी सेवा करवाई कि अब पुलिसवाले ही खुद ही उससे तंग आ गए हैं। यानी इस शख्स ने अब पुलिस को ही परेशानी में डाल दिया है।
नशे में धुत होकर करता था पुलिस को कॉल
दरअसल, यह अजीबोगरीब मामला उत्तर प्रदेश का है। जहां एक चचा हर रोज शराब पीने के बाद नशे में धुत होकर UP पुलिस 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके प्रतिदिन पुलिस को बुलाता है और उनसे कहता है कि उसे पुलिस की गाड़ी से घर छोड़ दिया जाए। मतलब कि वह नशे में धुत होने के बाद पुलिस की गाड़ी को घर वापस जाने के लिए इस्तेमाल करता है। पुलिस को कॉल मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत उस जगह पर पहुंचती है और वह आदमी गाड़ी में बैठकर अपने घर वापस चला जाता है। हर रोज शख्स के इस हरकत से इमरजेंसी सेवाओं का बार-बार गलत इस्तेमाल होता है, जिससे अब पुलिस बुरी तरह परेशान हो चुकी है।
लोगों ने पुलिस से चचा का तबीयत से इलाज करने को कहा
चचा की इस हरकत से परेशान एक पुलिसकर्मी का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जकर वायरल हो रहा है। जिसमें वह बिल्कुल परेशान होकर अपनी व्यथा सुनाते नजर आ रहा है। वीडियो में इस वक्त भी वह शख्स नशे में ही झूमता नजर आ रहा है। फिलहाल सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @unfiltered_uttarpradesh_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है। जहां कई लोगों ने इस मसले पर कहा कि इस तरह का मजाक खतरनाक हो सकता है और ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इमरजेंसी हेल्पलाइन का गलत इस्तेमाल करने से असली इमरजेंसी का सामना कर रहे लोगों को मदद मिलने में देरी हो सकती है। कई लोगों ने तो उस शख्स को जेल के अंदर डालकर उसकी शराब की लत छुड़ाने की बात कही।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
