वायरल न्यूज़

Delhi Metro का सबसे तेज मुसाफिर! सबसे कम समय में मेट्रो का हर स्टेशन घूम बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

एक शख्स ने सबसे कम समय में दिल्ली मेट्रो के हर एक स्टेशन को घूम करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला। जिसके बाद उस शख्स का नाम गिनीज बुक में रिकॉर्ड हो गया।

Image

सबसे तेज दिल्ली मेट्रो के सारे स्टेशनों पर घूमकर शख्स ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में सफर करना रोज लाखों लोगों की जिंदगी का हिस्सा है लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कोई शख्स दिल्ली मेट्रो के पूरे नेटवर्क के हर स्टेशन को सिर्फ कुछ घंटों में कवर कर सकता है? सुनने में यह काफी मुश्किल लगता है, लेकिन एक शख्स ने ऐसा करके दिखा दिया है।

हर मेट्रो स्टेशन घूम आया यह शख्स

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी DMRC से जुड़े प्रफुल्ल सिंह ने सबसे कम समय में दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों की यात्रा करने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) बना दिया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने यह पूरा सफर 14 घंटे 54 मिनट और 36 सेकंड में पूरा किया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

15 घंटे से भी कम में पूरा नेटवर्क

प्रफुल्ल सिंह ने यह रिकॉर्ड 23 मई को बनाया। उन्होंने इस दौरान दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी तय स्टेशनों को कवर किया। सबसे खास बात यह है कि उन्हें हर स्टेशन पर उतरना जरूरी नहीं था। ट्रेन का उस स्टेशन पर रुकना रिकॉर्ड के लिए पर्याप्त था, लेकिन हर स्टेशन की यात्रा का सबूत भी दर्ज करना जरूरी था। बताया गया है कि प्रफुल्ल ने अपनी यात्रा सुबह करीब 6 बजे वायलेट लाइन के राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन से शुरू की। इसके बाद अलग-अलग लाइनों और रूट को पार करते हुए वह गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर स्टेशन तक पहुंचे।

पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ा

प्रफुल्ल सिंह ने इस बार अपना ही नहीं, बल्कि पिछला रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। जून 2023 में सुजॉय कुमार मित्रा और शिप्रा गुप्ता ने यह सफर 15 घंटे 21 मिनट 4 सेकंड में पूरा किया था। प्रफुल्ल ने इस रिकॉर्ड को करीब 26 मिनट के अंतर से तोड़ दिया। दिलचस्प बात यह है कि वह पहले भी इस श्रेणी में रिकॉर्ड बना चुके हैं। साल 2021 में उन्होंने 254 मेट्रो स्टेशनों को 16 घंटे 2 मिनट 17 सेकंड में कवर किया था। यानी मेट्रो नेटवर्क को लेकर उनकी यह चुनौती नई नहीं है।

काम आया मेट्रो का अनुभव

प्रफुल्ल के लिए सबसे बड़ा फायदा उनका DMRC से जुड़ा होना रहा। उन्हें मेट्रो के रूट, ट्रेन की टाइमिंग और संचालन से जुड़ी जानकारी अच्छी तरह पता थी। उन्होंने पूरे सफर को एक बड़ी पहेली की तरह प्लान किया, जिसमें एक छोटी सी गलती भी काफी समय खराब कर सकती थी। प्रफुल्ल ने बताया कि पिछली कोशिश में गलत रूट चुनने के कारण उन्हें करीब डेढ़ घंटे का नुकसान हुआ था। इस बार उन्होंने पूरी तैयारी के साथ सफर किया और उन्हें पहले से भरोसा था कि वह रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article