Cling Wrap Diet Trend: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अजीब वेट लॉस ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे “क्लिंग रैप डाइट" या “प्लास्टिक-ईटिंग ट्रेंड” कहा जा रहा है। यह ट्रेंड टिकटॉक, डॉयिन और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर लाखों व्यूज बटोर रहा है। पहली नजर में यह किसी इंटरनेट प्रैंक जैसा लगता है, लेकिन कई लोग इसे वजन घटाने (plastic eating viral video) का नया तरीका बताकर शेयर कर रहे हैं। इस ट्रेंड में लोग अपने मुंह को प्लास्टिक रैप से ढक लेते हैं। फिर वे खाना मुंह में रखकर उसे चबाते हैं, लेकिन निगलते नहीं। कुछ देर बाद उस खाने को बाहर थूक देते हैं। उनका मानना है कि ऐसा करने से दिमाग को लगेगा कि उन्होंने खाना खा लिया है, लेकिन शरीर में कैलोरी नहीं जाएगी। यानी पेट भरा हुआ महसूस होगा, पर वजन नहीं बढ़ेगा।
china viral trend: क्या सच में घटेगा वजन या बढ़ेगा खतरा? (Photo: X/@Eng_china5)
डॉक्टर ने इस दावे को पूरी तरह बताया गलत
हालांकि डॉक्टर इस दावे को पूरी तरह गलत बताते हैं। फरीदाबाद के यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के ग्रुप डायरेक्टर डॉ. कपिल शर्मा के मुताबिक ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि बिना निगले खाना चबाने से वजन कम (weight loss trend) होता है। वे कहते हैं कि कैलोरी शरीर में तभी असर करती है, जब खाना पाचन तंत्र में जाता है। सिर्फ चबाने से शरीर की चर्बी या ऊर्जा संतुलन पर कोई खास असर नहीं पड़ता। डॉक्टरों को इस ट्रेंड से जुड़े शारीरिक खतरों की भी चिंता है। प्लास्टिक रैप का इस्तेमाल करने से घुटन का खतरा हो सकता है। इसके अलावा प्लास्टिक से छोटे-छोटे कण निकल सकते हैं, जिन्हें माइक्रोप्लास्टिक कहा जाता है।
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने भी इस वायरल ट्रेंड को बताया खतरनाक
ये कण शरीर के लिए हानिकारक हो सकते हैं और पाचन तंत्र में जलन या अन्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी इस ट्रेंड को खतरनाक मानते हैं। क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. मुनिया भट्टाचार्य का कहना है कि खाना चबाकर थूक देना खाने के विकारों जैसा व्यवहार है। इससे इंसान के मन में खाने को लेकर डर और अपराधबोध पैदा हो सकता है। धीरे-धीरे यह आदत शरीर की प्राकृतिक भूख को भी प्रभावित कर सकती है और शरीर की छवि को लेकर गलत सोच बढ़ा सकती है।
खासकर किशोरों और संवेदनशील लोगों पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर चौंकाने वाली चीजें जल्दी वायरल हो जाती हैं। लेकिन शरीर किसी वायरल ट्रेंड से नहीं चलता। वजन घटाने के लिए संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली ही सही रास्ता है। इंटरनेट पर दिखने वाले ऐसे शॉर्टकट लंबे समय में नुकसान पहुंचा सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है। किसी भी नए डाइट ट्रेंड को अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
