राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहां एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन का कीमती बैग मंच से ही चोरी कर लिया गया। इस बैग में करीब 4 लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात रखे हुए थे। यह घटना 7 फरवरी की बताई जा रही है। जहां जगतपुरा स्थित चंदन वन बिलवा में रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। शादी में मेहमानों की भारी भीड़ थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर सभी से मिल रहे थे। इसी भीड़ का फायदा उठाकर एक चोर ने बड़ी चालाकी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
स्टेज पर ही दुल्हन के बैग पर हाथ साफ करता चोर (Times Now Navbharat)
मेहमान के रूप में चोर
जानकारी के अनुसार, चोर पूरी तैयारी के साथ शादी में पहुंचा था। वह अच्छे कपड़े पहनकर, ब्लेजर में सजा-धजा हुआ मेहमान बनकर आया था। वह आराम से लोगों के बीच घुल-मिल गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। जब दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर व्यस्त थे, तभी वह युवक चुपचाप उनके पीछे पहुंचा। उसने दुल्हन का बैग उठाया और बड़ी सफाई से उसे अपने ब्लेजर में छुपा लिया। इसके बाद वह भीड़ में मिलकर वहां से निकल गया। किसी को भनक तक नहीं लगी कि इतनी बड़ी चोरी हो चुकी है।
जांच में जुटी पुलिस
कुछ देर बाद जब बैग नहीं मिला, तो परिवार वालों में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले में शिवदासपुरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह किसी संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है, जो शादी जैसे बड़े कार्यक्रमों को निशाना बनाता है। ऐसे चोर भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वारदात करते हैं।
