वायरल न्यूज़

VIDEO: रिसेप्शन बना मिशन, शादी में मेहमान बनकर आया चोर, लाखों नगदी और जेवर लेकर हुआ फरार

शादी-ब्याह जैसे समारोहों में कीमती सामान की सुरक्षा बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है। ऐसा ही एक मामला जयपुर से सामने आया है। जहां हल्की सी चूक की वजह से बड़ा नुकसान हो गया।

Image

स्टेज पर ही दुल्हन के बैग पर हाथ साफ करता चोर (Times Now Navbharat)

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहां एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन का कीमती बैग मंच से ही चोरी कर लिया गया। इस बैग में करीब 4 लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात रखे हुए थे। यह घटना 7 फरवरी की बताई जा रही है। जहां जगतपुरा स्थित चंदन वन बिलवा में रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। शादी में मेहमानों की भारी भीड़ थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर सभी से मिल रहे थे। इसी भीड़ का फायदा उठाकर एक चोर ने बड़ी चालाकी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

मेहमान के रूप में चोर

जानकारी के अनुसार, चोर पूरी तैयारी के साथ शादी में पहुंचा था। वह अच्छे कपड़े पहनकर, ब्लेजर में सजा-धजा हुआ मेहमान बनकर आया था। वह आराम से लोगों के बीच घुल-मिल गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। जब दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर व्यस्त थे, तभी वह युवक चुपचाप उनके पीछे पहुंचा। उसने दुल्हन का बैग उठाया और बड़ी सफाई से उसे अपने ब्लेजर में छुपा लिया। इसके बाद वह भीड़ में मिलकर वहां से निकल गया। किसी को भनक तक नहीं लगी कि इतनी बड़ी चोरी हो चुकी है।

जांच में जुटी पुलिस

कुछ देर बाद जब बैग नहीं मिला, तो परिवार वालों में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले में शिवदासपुरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह किसी संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है, जो शादी जैसे बड़े कार्यक्रमों को निशाना बनाता है। ऐसे चोर भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वारदात करते हैं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article