भारत भ्रमण के लिए कई लोग विदेश से आते हैं। जहां कुछ लोगों के लिए भारत घूमना काफी सुखद और सुकून भरा होता है। वे अक्सर भारत की तारीफ करते दिख जाते हैं। मगर भारत में कई लोग ऐसे भी हैं जो देश की इस छवि को धूमिल करने का काम करते हैं। कुछ ऐसे ही लोगों का वीडियो एक विदेशी महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @lost.with.ines से शेयर किया है।
भारत भ्रमण पर आई विदेशी महिला मुबंई में हुई परेशान
वीडियो शेयर करने वाली महिला का नाम इनेस फारिया है, जो एक ट्रैवल व्लॉगर हैं। इनेस इस वक्त भारत घूमने के लिए आई हैं और इस दौरान उन्हें मुंबई में कुछ मनचलों ने खूब परेशान किया। इनेस ने अपने वीडियो में बताया कि दो महीने की इस छुट्टी में उन्हें भारत में पहली बार इस तरह के बुरे बर्ताव का सामना करना पड़ा।
सेल्फी के लिए हाथ धोकर पीछे पड़े लड़के
वीडियो में आप देख सकते हैं कि फारिया के पीछे कुछ लड़के पड़े हुए हैं और वे बार-बार उनसे सेल्फी के लिए जिद्द कर रहे हैं। फारिया उन्हें बार-बार मना कर रही हैं लेकिन वे लड़के हैं कि मानने को तैयार नहीं। ऐसे में फारिया की दोस्त ने भी उन्हें मना किया और दूर हटने को कहा। मगर इन सबके बावजूद भी वे लड़के उनके पीछे पड़ रहे और उन्हें परेशान करते रहे। वीडियो में फारिया बिल्कुल घबराई और परेशान दिख रही हैं। एक दफा तो उनके पीछे पड़ा लड़का उनसे चिपकने की भी कोशिश करता है, जिसे वे धक्का देकर खुद से दूर करती हैं।
वीडियो शेयर कर बताया अपना दुखद अनुभव
वीडियो को शेयर करते हुए इनेस फारिया ने कैप्शन में लिखा कि, "इंडिया में मेरे साथ ऐसा पहली बार हुआ था और मैं यहां 2 महीने से हूं। मेरा ज्यादातर अनुभव बहुत अच्छा और वेलकमिंग रहा है लेकिन यह मेरे लिए किसी बुरे सपने की तरह था। मेरे कई बार मना करने के बाद भी वे लड़के हमारा पीछा करते रहे, सेल्फी मांगते रहे। मुझे कंफर्टेबल महसूस नहीं हो रहा था, और वे इसके लिए बहुत ज्यादा जोर दे रहे थे। वे 15 मिनट से ज्यादा समय तक हमारा पीछा करते रहे। एक बार तो मुझे खुद को उनसे बचाने के लिए उन्हें धक्का देना पड़ा। बस याद दिलाना चाहती हूं कि “नहीं” एक पूरा सेंटेंस होता है और आपकी सेफ्टी और कम्फर्ट हमेशा सबसे पहले आते हैं।"
वीडियो देख भड़के लोग
वीडियो के वायरल होते ही इस पर लोग कमेंट कर अपनी तीखी प्रतिक्रिया देने लगे। कई लोगों ने उन लड़कों पर कार्रवाई करने की मांग की। वहीं कुछ यूजर्स ने उनके इस अनुभव के लिए माफी मांगी। एक यूजर ने लिखा, "आपके साथ जो हुआ उसके लिए मुझे बहुत दुख है, आपने जिस तरह से इसे संभाला उसके लिए आप तारीफे काबिल हैं।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "मुझे समझ नहीं आता कि बार-बार पूछने के बाद भी लोगों का ऐसा क्यों लगता है कि लड़की का जवाब बदल जाएगा।" तीसरे ने लिखा कि, "ऐसे लोगों की तरीके से कुटाई होनी चाहिए।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
