हाल में सोशल मीडिया पर एक वीडियो धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। जहां एक बुजुर्ग को अपनी पीठ पर Blinkit का पीला बैग टांगे घोड़ी की सवारी करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने समझा कि शायद बुजुर्ग व्यक्ति घोड़ी पर सवार होकर ऑनलाइन डिलीवरी का काम कर रहा है।
Blinkit का बैग टांगे घोड़ी पर सवार बुजुर्ग व्यक्ति (Times Now Navbharat)
लोगों ने कुछ और ही मान लिया
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को “घोड़े से ऑनलाइन डिलीवरी”, “यह है असली राजस्थान” और “युवाओं को घोड़ी नहीं मिलती, बुजुर्ग कर रहे डिलीवरी” जैसे मजेदार कैप्शन के साथ शेयर किया गया। कई लोगों ने इसे सच मान लिया और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे लेकिन जब इस वीडियो की जांच की गई तो सच्चाई कुछ और ही निकली।
कहां का है यह वायरल वीडियो?
वीडियो राजस्थान के दौसा जिले का बताया जा रहा है। वीडियो में सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड पर आगरा, दौसा और खान भांकरी का साइनबोर्ड दिख रहा है। इससे पता चला कि यह वीडियो नेशनल हाईवे 21 पर कलेक्ट्रेट चौराहे के पास शूट किया गया था। जांच में यह सामने आया है कि वीडियो में दिख रहे बुजुर्ग का नाम गिर्राज गुर्जर है। वे दौसा जिले के खेरवाल गांव के रहने वाले हैं। उनके पास एक घोड़ी है, जिसका इस्तेमाल वे शादियों में दूल्हे की निकासी के लिए करते हैं।
क्या है इस वायरल वीडियो की सच्चाई?
22 फरवरी को वे अपने गांव से खान भांकरी में एक शादी समारोह में निकासी कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। उसी दौरान किसी कार सवार ने उनका वीडियो बना लिया। वायरल दावे के उलट गिर्राज गुर्जर किसी भी तरह की ऑनलाइन डिलीवरी से नहीं जुड़े हैं। दरअसल, उनके घर में रखा Blinkit का बैग को वे टांगकर दूल्हे की निकासी के लिए अपनी घोड़ी लेकर जा रहे थे। उस बैग में घोड़ी की सजावट का समान और कुछ अन्य सामान रखे हुए थे। हालांकि, घोड़ी पर Blinkit का बैग लिए देख लोग यह समझ बैठे कि शायद बुजुर्ग ऑनलाइन डिलीवरी का काम करते हैं और यह वीडियो कुछ इसी तरह के कैप्शन के साथ धड़ल्ले से शेयर किया जाने लगा।
