Indian Railway News: भारत में हर दिन हजारों ट्रेन चलती है, जिसमें से लाखों यात्री सफर करते हैं। भारत में कुछ ट्रेनें काफी लंबी दूरी सफर तय करती हैं। वहीं कई ट्रेनें कम दूरी की होती हैं। कुछ ट्रेनों की स्पीड 100 किलोमीटर से ज्यादा की होती है, तो कई ट्रेनें 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटे चलती हैं। इसी बीच हम आपको आज देश में चलने वाली एक ऐसी ट्रेन के बारे में बताने जा रहे हैं, जो मात्र हाथ देने से ही रुक जाती है। इसका मतलब यह हुआ कि यह ट्रेन बहुत ही स्लो स्पीड में चलती है।
देश की सबसे छोटी ट्रेन (ट्विटर)
केरल में चलती है देश की सबसे छोटी ट्रेन
देश की यह अनोखी ट्रेन केरल में चलती है। कोचीन हार्बर टर्मिनस और एर्नाकुलम जंक्शन के बीच भारतीय रेलवे एक ट्रेन चलाता है। यह ट्रेन मात्र 3 बोगी की होती है, जिसे देश की सबसे छोटी ट्रेन कहा जाता है। आपने इतनी छोटी ट्रेन अपनी जिंदगी में नहीं देखी होगी। इस ट्रेन को दूर से देखने पर लगता है कि पटरी पर केवल इंजन चल रहा है। हालांकि, पास आने पर पता चलता है कि यह देश की सबसे छोटी ट्रेन है। यह ट्रेन इतनी धीमी गति से चलती है कि आप दौड़कर इस ट्रेन को पछाड़ सकते हैं।
40 मिनट में 9 किलोमीटर की दूरी
भारतीय रेलवे ने इसे डीजल इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट यानि DEMU ट्रेन नाम दिया है। यह ट्रेन हर रोज सुबह और शाम दो टाइम कोची हार्बर टर्मिनस (CHT) और एर्नाकुलम जंक्शन के बीच चलती है। यह ट्रेन एक बार में 9 किलोमीटर की दूरी तय करती है। इसे तय करने में ट्रेन को 40 मिनट से ज्यादा का समय लगता है। ट्रेन के रास्ते में सिर्फ एक स्टॉप पड़ता है और एक बार में 300 यात्री ट्रेन में बैठ सकते हैं।
