Ajab Gajab: क्या ऑफिस में काम के दौरान थोड़ी सी नींद लेना या सुस्त पड़ना किसी को नौकरी से बाहर करने का पुख्ता कारण बन सकता है? ब्रिटेन से एक ऐसा ही बेहद मजेदार और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक एआई (AI) कंपनी की महिला डायरेक्टर को सहकर्मियों ने 'बेहद आलसी' करार देते हुए ऑफिस में डेस्क पर सोने और जल्दी घर जाने के आरोप में बाहर का रास्ता दिखा दिया था। लेकिन, कहानी में असली ट्विस्ट तब आया जब महिला ने हार मानने के बजाय कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और लंदन की अदालत ने कंपनी को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?
महिला को नौकरी से निकालना पड़ा भारी (तस्वीर साभार- AI)
यह पूरा मामला 46 वर्षीय डॉ. डैन लुओ से जुड़ा हुआ है। डॉ. लुओ मूल रूप से चीन में एक मेडिकल डॉक्टर के रूप में काम कर चुकी हैं। साल 2020 में वह ब्रिटेन शिफ्ट हुईं और उसी साल अक्टूबर में 'ब्लू स्ट्रॉबेरी एआई'नामक मीडिया मैनेजमेंट और मार्केटिंग फर्म से जुड़ गईं। खास बात यह थी कि डॉ. लुओ सिर्फ एक कर्मचारी नहीं थीं, बल्कि उन्होंने कंपनी में मोटा निवेश भी किया था और वह कंपनी की शेयरहोल्डर के साथ-साथ बोर्ड डायरेक्टर भी थीं। हालांकि, ट्रिब्यूनल की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी को अच्छी तरह पता था कि डॉ. लुओ के पास इससे पहले कोई कॉर्पोरेट बिजनेस एक्सपीरियंस नहीं था। सबकुछ ठीक चल रहा था, तभी फरवरी 2022 में कंपनी के एक अन्य डायरेक्टर वेस्ली बेकर ने डॉ. लुओ के काम करने के तौर-तरीकों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। मामला तब और बिगड़ गया जब बेकर ने कंपनी में निवेश करने वाली संस्था को एक ईमेल भेजकर डॉ. लुओ की जमकर आलोचना की। बेकर ने गुस्से में यहां तक कह दिया कि डॉ. लुओ 'बेहद आलसी महिला' हैं और उनका काम किसी स्कूल छोड़ने वाले छात्र के स्तर का है, जिससे कंपनी को भारी नुकसान हो रहा है। विवाद यहीं नहीं रुका। जुलाई 2022 में वेस्ली बेकर ने डॉ. लुओ को सीधे एक ई-मेल भेजा और सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्होंने लुओ को ऑफिस की डेस्क पर सोते हुए देखा है।
महिला पर गंभीर आरोप
बेकर ने उन पर अक्सर जल्दी ऑफिस से निकलने और एक साधारण सा काम पूरा करने में घंटों लगाने का भी आरोप मढ़ा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें खुद को सुधारना चाहिए और एक प्रोफेशनल डायरेक्टर की तरह बर्ताव करना चाहिए। इन तमाम चीजों से आहत होकर डॉ. लुओ ने भी पलटवार करते हुए ई-मेल का कड़ा जवाब दिया, जिसके बाद बेकर ने उनके साथ आगे काम करने से साफ इनकार कर दिया। सितंबर 2022 में डॉ. लुओ की गैरमौजूदगी में कंपनी के अन्य निदेशकों ने एक गुप्त मीटिंग बुलाई। उन्हें बताया गया कि आपसी रिश्ते अब पूरी तरह खराब हो चुके हैं, इसलिए उन्हें बोर्ड डायरेक्टर के पद से हटाया जा रहा है। अप्रैल 2023 में जब डॉ. लुओ ने सरकारी दस्तावेजों की जांच की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि कंपनी ने उनका डायरेक्टर पद समाप्त करने का फॉर्म चुपचाप अपलोड कर दिया है और उन्हें यह अहसास करा दिया गया कि उनकी नौकरी भी खत्म हो चुकी है।
कोर्ट में पलट गई बाजी
नौकरी जाने और अपमानित महसूस करने के बाद डॉ. लुओ ने लंदन साउथ एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल का रुख किया। एम्प्लॉयमेंट जज जेम्मा कॉथ्रे ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कंपनी के रवैये को आड़े हाथों लिया। जज ने अपने फैसले में कहा कि कंपनी ने डॉ. लुओ के प्रदर्शन से जुड़ी चिंताओं को सुलझाने के लिए कोई भी सही या पेशेवर कदम नहीं उठाया। इतना ही नहीं, कंपनी ने सहकर्मियों के बीच हुए विवाद को भी ठीक से मैनेज करने की कोशिश नहीं की। अदालत ने कहा कि कंपनी ने डॉ. लुओ को एक ऐसी 'अशंकित स्थिति'में छोड़ दिया था जहां उन्हें बिना किसी उचित प्रक्रिया के किनारे कर दिया गया। कोर्ट ने इसे अनुचित बर्खास्तगी करार दिया। ट्रिब्यूनल ने फैसला सुनाया कि कंपनी ने न सिर्फ अनुचित बर्खास्तगी की है, बल्कि कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन करते हुए नोटिस पे और 4,333 पाउंड के वेतन में भी अनधिकृत कटौती की है। हालांकि, महिला को हर्जाने के तौर पर कुल कितनी रकम मिलेगी, इसका अंतिम फैसला अभी आना बाकी है। लेकिन, यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
