आज का वायरल वीडियो (20-FEB-2026): ट्रैफिक नियम सबके लिए बराबर होते है, चाहे वह कोई भी हो। मगर एक बात यह भी है कि इन नियमों को समझाने का तरीका भी वैसा ही होना चाहिए, जिससे लोग आपकी बातों को समझें ना कि आपसे डरकर भाग खड़े हों। हाल में एक ऐसा ही वाकया सोशल मीडिया पर देखने को मिला। जहां एक मूक-बधिर बाइक सवार के साथ ट्रैफिक पुलिस जिस तरह प्यार और इज्जत से पेश आया। उसने हर किसी का दिल जीत लिया।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का बताया जा रहा है यह वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रामघाट रोड का बताया जा रहा है। जहां एक पुलिसकर्मी मूक-बधिर बाइक सवार को रोककर उससे हेलमेट और अन्य दस्तावेजों के लिए पूछता है। जिस पर मूक-बधिर शख्स इशारों में उसे बताता है कि वह बोल और सुन नहीं सकता। इस स्थिति को समझते हुए पुलिसकर्मी भी उससे इशारों में बात करता है फिर वह वाहन पंजीकरण, बीमा और अन्य आवश्यक परमिट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज दिखाने को कहता है। जिस पर वह बाइक सवार तुरंत ही सभी वैध दस्तावेजों को सही क्रम में दिखाता है।
बाइक सवार को प्यार से समझाना लोगों का दिल जीत ले गया
इस खास पल का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात है और सामने से एक मूक-बधिर बाइक सवार बिना हेलमेट के चला आया। ऐसे में वह पुलिसकर्मी को पहले अपने सभी कागजात दिखाता है। फिर वह इशारों में ही बताता है कि किसी मजबूरी की कारण उसके पास हेलमेट नहीं है। इस पर पुलिसकर्मी उस बाइक सवार को खुद से ही इशारों में समझाता है कि हेलमेट पहनना कितना जरूरी है। पुलिस अधिकारी का उसे प्यार से समझाना लोगों का दिल जीत ले गया।
वीडियो में पुलिसकर्मी के व्यवहार को लोगों ने सराहा
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर खूब धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। जिस पर कई लोगों ने पुलिसकर्मी के इस नेक व्यवहार की सराहना की है। लोगों ने वीडियो पर कमेंट करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी ने स्थिति को बहुत ही दया और सम्मान के साथ संभाला है। जैसे वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने कहा, "यार कितना सुकून मिला देख कर।" एक अन्य यूजर ने कहा, "इसे देखने के बाद हर आदमी मुस्कुरा रहा है।" तीसरे यूजर ने वीडियो पर कमेंट किया और कहा, "सबके मन में इस अधिकारी के प्रति सम्मान बढ़ गया है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
