बैंकों में 5 दिन वर्किंग की मांग को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। इस मुद्दे पर बैंक कर्मचारी संगठनों और प्रबंधन के बीच बातचीत भी होती रही है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक कथित सरकारी नोटिफिकेशन तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने सभी सरकारी बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, यह दावा सही नहीं है। सरकार की ओर से इस वायरल दस्तावेज को फर्जी बताया गया है।
सोशल मीडिया पर क्या दावा किया जा रहा है?
सोशल मीडिया पर क्या दावा किया जा रहा है?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित गजट नोटिफिकेशन में दावा किया गया है कि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग ने सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। इस दावे के बाद बैंक कर्मचारियों के बीच 5 दिन कामकाज और 2 दिन छुट्टी लागू होने की चर्चा फिर तेज हो गई।
वायरल दस्तावेज में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) समेत सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की बात कही गई है। इसे कई सोशल मीडिया पोस्ट में सरकार के नए फैसले के तौर पर शेयर किया जा रहा था।
PIB Fact Check ने बताया फर्जी
सरकार की आधिकारिक फैक्ट चेक एजेंसी PIB Fact Check ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दस्तावेज की पड़ताल की है। PIB Fact Check ने स्पष्ट किया कि वायरल किया जा रहा दस्तावेज फर्जी है। वित्त मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया हो। PIB Fact Check ने लोगों को ऐसे संदिग्ध कंटेंट से सावधान रहने और केंद्र सरकार से जुड़े किसी भी संदिग्ध दावे को सत्यापित करने की अपील की है।
5 दिन बैंकिंग को लेकर क्या है मामला?
बैंकों में 5 दिन वर्किंग लागू करने की मांग काफी समय से उठती रही है। बैंक कर्मचारी संगठन चाहते हैं कि शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश दिया जाए, जिससे बैंकिंग व्यवस्था में सप्ताह में पांच दिन काम हो। इसी मुद्दे को लेकर तीन दिन की प्रस्तावित बैंक हड़ताल की भी चर्चा थी, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया।
हालांकि, हड़ताल स्थगित होने का मतलब यह नहीं है कि सरकार ने सभी शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कथित सरकारी आदेश को फर्जी माना गया है और 5 दिन बैंकिंग लागू होने को लेकर कोई ऐसा नया सरकारी नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।
वायरल खबर पर ऐसे करें भरोसा
PIB Fact Check ने लोगों से अपील की है कि केंद्र सरकार से जुड़े किसी भी आदेश या नोटिफिकेशन को सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर सच न मानें। संदिग्ध सरकारी दावों की जानकारी PIB Fact Check को WhatsApp नंबर +91 8799711259 या ईमेल factcheck@pib.gov.in पर भेजी जा सकती है।
