Baal Aadhaar Card: भारत में बच्चों के लिए अब आधार कार्ड बनवाना पहले से कहीं आसान हो गया है। UIDAI ने बाल आधार कार्ड (Baal Aadhaar) की सुविधा शुरू की है, जो कि ब्लू कलर में होता है। बाल आधार कार्ड बनवाने के लिए माता-पिता को छोटे बच्चों को आधार केंद्र तक ले जाने की झंझट नहीं करनी पड़ेगी। अब अधिकारी घर आकर बच्चे का आधार बनाएंगे, जिससे पहचान और सरकारी सुविधाओं तक पहुंचना बेहद आसान होगा।
Baal Aadhaar Card (Image: Shutterstock)
बिना उम्र सीमा के बन सकता है बाल आधार
ब्लू आधार कार्ड के लिए किसी न्यूनतम उम्र की शर्त नहीं है। नवजात शिशु का भी आधार कार्ड आसानी से बन सकता है। 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक नहीं लिया जाता, केवल बच्चे की फोटो खींची जाती है और इसे माता-पिता के आधार से लिंक किया जाता है।
आसान ऑनलाइन अपॉइंटमेंट प्रक्रिया
बाल आधार बनवाने के लिए अभिभावक UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। "My Aadhaar" सेक्शन में जाकर शहर और सेवा केंद्र चुनना होता है। इसके बाद मोबाइल नंबर डालने पर OTP से वेरिफिकेशन होता है और अपॉइंटमेंट कन्फर्म हो जाता है।
जरूरी दस्तावेज और एनरोलमेंट प्रक्रिया
बच्चे का आधार बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र और माता या पिता का आधार कार्ड अनिवार्य है। केंद्र पर पेरेंट्स की बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन होती है और बच्चे की फोटो खींची जाती है। एनरोलमेंट के बाद 60 से 90 दिनों में ब्लू आधार कार्ड घर पहुंच जाता है।
बायोमेट्रिक अपडेट की अहमियत
बच्चे के 5 साल और 15 साल पूरे होने पर बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी है। ऐसा करने से कार्ड भविष्य में भी वैध बना रहता है और किसी भी सरकारी योजना या सुविधा का लाभ लेने में दिक्कत नहीं आती। समय पर अपडेट न कराने पर आधार निष्क्रिय भी हो सकता है।
