How to Check EPF Balance: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ बैलेंस चेक करने का बेहद आसान तरीका शुरू किया है। अब इसके लिए न तो ऐप डाउनलोड करने की जरूरत है और न ही पोर्टल पर लॉगिन करने की। कर्मचारी सिर्फ एक मिस्ड कॉल या एसएमएस के जरिए अपने PF बैलेंस और हालिया योगदान की जानकारी तुरंत पा सकते हैं। चलिए जानते हैं तरीका।
मिस्ड कॉल से कैसे चेक करें PF बैलेंस
यदि आपका यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) एक्टिव है और मोबाइल नंबर से लिंक है, तो केवल एक मिस्ड कॉल देकर आप अपना PF बैलेंस जान सकते हैं। इसके लिए 9966044425 पर मिस्ड कॉल करना होता है। कॉल अपने आप कट जाएगा और तुरंत एक एसएमएस के जरिए बैलेंस और अंतिम बार कब पीएफ में राशि जोड़ी गई है की जानकारी भेज दी जाएगी। यह सर्विस पूरी तरह मुफ्त है और इसके लिए आपको इंटरनेट की जरूरत भी नहीं होती।
एसएमएस सर्विस: कई भाषाओं में उपलब्ध
यदि आप मिस कॉल से पीएफ बैलेंस नहीं देखना चाहते हैं तो आप SMS की मदद से भी बैलेंस का पता लगा सकता हैं। EPFO ने एसएमएस के जरिए बैलेंस जानने की सुविधा भी दी है। इसके लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर "EPFOHO UAN" लिखकर भेजना होता है। डिफॉल्ट रूप से जवाब अंग्रेजी में आता है, लेकिन आप चाहें तो हिंदी सहित दस भारतीय भाषाओं में भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह सर्विस बैलेंस के साथ आपके KYC स्टेटस की जानकारी भी देती है।
क्यों जरूरी है ये सुविधा
कई बार कर्मचारियों को यह चिंता रहती है कि उनका नियोक्ता समय पर PF जमा कर रहा है या नहीं। ऐसे में मिस्ड कॉल और एसएमएस सेवा एक भरोसेमंद विकल्प है। यह उन कर्मचारियों के लिए भी कारगर है जिनके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है। EPFO का यह कदम करोड़ों कर्मचारियों को उनकी रिटायरमेंट सेविंग्स से जुड़े अपडेट आसानी से उपलब्ध कराता है।
UAN एक्टिवेशन और KYC अपडेट की प्रक्रिया
यदि आपका UAN अभी तक सक्रिय नहीं है, तो EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे आसानी से एक्टिव किया जा सकता है। एक्टिवेशन के बाद आप तुरंत मिस्ड कॉल और एसएमएस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही KYC विवरण जैसे आधार, पैन और बैंक खाता अपडेट करना जरूरी है, ताकि सभी सेवाएं बिना किसी रुकावट के मिल सकें। यह अपडेट नियोक्ता की स्वीकृति के बाद पूरा हो जाता है।
कैसे बनाएं नया UAN नंबर
EPFO के अनुसार, अब सभी नए यूएएन अलॉटमेंट UMANG ऐप से ही होंगे। UMANG ऐप और AadhaarFaceRD ऐप डाउनलोड करने के बाद कर्मचारी को "UAN Allotment and Activation" सर्विस चुननी होगी। आधार और मोबाइल नंबर डालकर OTP वेरिफिकेशन पूरा करने के बाद कैमरे से फेस स्कैन करना होगा। सफल वेरीफिकेशन के बाद तुरंत SMS के जरिए नया UAN मिल जाएगा। जैसे ही UAN जनरेट होता है, यह अपने आप एक्टिवेट हो जाएगा। कर्मचारी उसी समय UMANG ऐप या EPFO पोर्टल से अपना e-UAN कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
