UP Government Marriage Scheme: शादियों के सीजन के बाद अक्सर ऐसी कई खबरें आती हैं जिनमें बताया गया होता है कि इस साल भारतीय परिवारों द्वारा शादियों पर कितने पैसे खर्च किये गए हैं। जहां कई लोग शादी के भव्य आयोजन के लिए लाखों रुपये खर्च कर देते हैं वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनके पास शादी के लिए पर्याप्त आर्थिक व्यवस्था भी नहीं होती है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ऐसे लोगों को शादी के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना के तहत उत्तर प्रदेश सरकार कितने पैसे देती है, इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्रता संबंधित नियम क्या हैं और आवेदन प्रक्रिया क्या है? आज हम आपको यहां इन्हीं कुछ सवालों के जवाब देने की कोशिश करेंगे।
मिलते हैं 20000 रुपये
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जाने वाली इस योजना का नाम शादी अनुधन योजना है। इस योजना का लाभ लाखों-करोड़ों लोगों को मिलता है। योजना के तहत शादी के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 20,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। इससे पहले कि हम उत्तर प्रदेश सरकार की शादी अनुधन योजना की अआवेदन प्रक्रिया के बारे में आपको बताएं, आइये आपको इस योजना की पात्रता के बारे में बताते हैं।
किसे मिलेंगे 20,000
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जाने वाली शादी अनुधन योजना का लाभ राज्य के उन लोगों को दिया जाता है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। योजना के तहत राज्य के पिछड़े वर्ग से संबंधित ऐसे लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है जो गरीब हैं और अपनी बेटी की शादी करने में असमर्थ हैं। इस योजना का लाभ केवल वही लोग उठा सकते हैं जिनकी सालाना पारिवारिक कमाई 1 लाख रुपये से कम है।
ऐसे करें आवेदन
इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए आपको उत्तर प्रदेश शादी अनुधन योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इस वेबसाइट पर मांगी गई सारी जानकारी दर्ज करने के बाद आपके आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। OTP दर्ज करने के बाद आपको अपनी जाति और आय प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद आपकी जानकारी को वेरीफाई किया जाएगा जिसके बाद आपकी बैंक अकाउंट में पैसे आ जायेंगे।
