दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगती है। इस दौरान लोग घर की सजावट, नए कपड़े, ज्वेलरी, गिफ्ट और पूजा का सामान खरीदते हैं। अगर आप भी दिवाली की खरीदारी (Diwali Shopping) के लिए दिल्ली के बाजारों में जाने का प्लान बना रहे हैं तो राजधानी में कई ऐसे मार्केट हैं, जहां एक ही जगह पर जरूरत का काफी सामान मिल सकता है। आइए दिल्ली के 5 ऐसे बाजारों के बारे में जानते हैं, जहां से दिवाली की शॉपिंग की जा सकती है-
दिल्ली के इन 5 बाजारों से करें दिवाली की सस्ती शॉपिंग (Photo: iStock)
चांदनी चौक
दिल्ली का चांदनी चौक (Chandni Chowk) दिवाली की खरीदारी के लिए सबसे लोकप्रिय बाजारों में शामिल है। यहां आपको ट्रेडिशनल कपड़ों, साड़ियों, ज्वेलरी और गिफ्ट आइटम की अच्छी वैरायटी मिल जाएगी। बाजार के दरीबा कलां इलाके में चांदी के गहने और सिक्के मिलते हैं। वहीं, किनारी बाजार में सजावट का सामान, गोटा-पट्टी, झालर और पूजा से जुड़ी चीजें खरीद सकते हैं। भागीरथ पैलेस में LED लाइट्स, झालर और दूसरे इलेक्ट्रिकल सामान की कई दुकानें हैं। इसके अलावा खारी बावली में ड्राई फ्रूट्स और मसालों की खरीदारी कर सकते हैं।
सदर बाजार
अगर आप कम बजट में दिवाली की ढेर सारी खरीदारी करना चाहते हैं तो सदर बाजार (Sadar Bazaar) अच्छा विकल्प है। यहां थोक और खुदरा दोनों तरह की दुकानें हैं। बाजार में दीये, मोमबत्तियां, आर्टिफिशियल फूल, सजावटी लाइट्स, गिफ्ट पैकिंग का सामान, खिलौने और घरेलू इस्तेमाल की कई चीजें मिल जाती हैं। ज्यादा मात्रा में सामान खरीदने वालों के लिए ये मार्केट एक बेस्ट ऑप्शन है।
लाजपत नगर मार्केट
साउथ दिल्ली का लाजपत नगर मार्केट (Lajpat Nagar Market) कपड़ों और घरेलू सजावट के सामान के लिए जाना जाता है। यहां आप दिवाली के लिए कुर्ते, सूट, साड़ियां, फुटवियर, बैग और फैशन एक्सेसरीज खरीद सकते हैं। इसके अलावा कुशन कवर, पर्दे, बेडशीट, सजावटी सामान, पूजा की थाली और गिफ्ट आइटम भी मिल जाते हैं।
सरोजिनी नगर मार्केट
कम बजट में फैशनेबल कपड़े और एक्सेसरीज खरीदने वालों के लिए सरोजिनी नगर (Sarojini Nagar Market) अच्छा ऑप्शन है। यहां ट्रेंडी टॉप, कुर्तियां, ड्रेस, जींस, बैग, जूते और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की काफी वैरायटी मिलती है। कुछ दुकानों पर कुशन कवर और छोटे होम डेकोर आइटम भी मिल जाते हैं। हालांकि, यहां खरीदारी करते समय सामान की क्वालिटी जरूर जांचें और कीमत को लेकर मोलभाव करना न भूलें।
करोल बाग मार्केट
करोल बाग (Karol Bagh Market) में दिवाली की खरीदारी के लिए कई ऑप्शन मौजूद हैं। यहां अजमल खान रोड पर साड़ी, सूट, कुर्ते और एथनिक वियर की दुकानें हैं। बैंक स्ट्रीट ज्वेलरी की खरीदारी के लिए जानी जाती है। वहीं, गफ्फार मार्केट में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और एक्सेसरीज मिलती हैं।
