PNB FD Rate Hike: देश के दूसरे सबसे बड़े सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक ने इस महीने में दूसरी बार अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में इजाफा किया है। ब्याज दरों में इजफा दो करोड़ रुपये से कम की राशि पर हुआ है। पहले बैंक ने एक जनवरी से दरों में बढ़ोतरी की थी। अब बैंक ने नई ब्याज दरों को आठ जनवरी से लागू किया है। इस बार बैंक ने एक ही टेन्योर पर ब्याज दरों में 80 बेसिस प्वाइंट (BPS) का इजाफा किया है।
एक जनवरी को पीएनबी ने कुछ चुनिंदा अवधी की फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरें में 45 बेसिस प्वाइंट का इजाफा किया था। साथ ही कुछ स्कीम्स की दरों में कटौती भी की थी।
300 दिनों की FD की ब्याज में इजाफा
पंजाब नेशनल बैंक ने 300 दिनों में मैच्योर होने वाली FD की दरों को 6.25 फीसदी से बढ़ाकर 7.05 फीसदी कर दिया है। ब्याज दरों में हुए हालिया बदलाव के बाद बैंक सामान्य नागरिकों को 7 दिनों से 10 साल में मैच्योर होने वाली FD पर 3.5 फीसदी से लेकर 7.25 फीसदी तक की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है।
वहीं, बैंक 7 दिनों से 10 साल में मैच्योर होने वाली एफडी पर सीनियर सिटीजन को 4 फीसदी से लेकर 7.75 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। इसके अलावा सुपर सीनियर्स को 4.3 फीसदी से 8.05 फीसदी की दर से ब्याज बैंक ऑफर कर रहा है।
कई बैंकों ने नए साल में की है बढ़ोतरी
दिसंबर 2023 में देश के कई बैंकों ने फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में इजाफा किया था। इसके बाद ब्याज दरों में बढ़ोतरी का सिलसला नए साल में जारी रहा और कई बैंकों ने जनवरी 2024 के पहले हफ्ते में FD की ब्याज दरों में इजाफा किया है। हालांकि, रिजर्व बैंक ने लंबे समय से रेपो रेट को 6.50 फीसदी की दर पर बरकरार रखा है। लेकिन बैंक FD की ब्याज दरों में इजाफा कर ग्राहकों आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं।
