Delhi Ayushman Card Yojana Registration: जल्द ही दिल्ली में 10 लाख तक का इलाज फ्री होने वाला है। हाल ही में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री, पंकज सिंह ने घोषणा कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना का रजिस्ट्रेशन 8 मार्च के बाद से शुरू हो सकता है। योजना के तहत लोगों को 10 लाख तक का मुफ्त इलाज प्रदान किया जाएगा जिसके लिए 5 लाख रुपये केंद्र सरकार तो 5 लाख रुपये राज्य सरकार द्वारा दिए जायेंगे। इस एक फैसले की बदौलत लोग उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाओं तक अपनी बेहतर पहुंच बना पायेंगे।
सिर्फ इन्हें ही मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार ने कुछ समय पहले ही 70 साल और इससे अधिक उम्र वाले वृद्धजनों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया था। इस तरह किसी भी आर्थिक और सामाजिक बैकग्राउंड वाले लोग, जिनकी उम्र 70 साल या इससे अधिक है, आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि अगर आपकी उम्र 70 साल से कम है तो आपको नीचे बताये जा रहे पात्रता संबंधित नियमों का खास ध्यान रखना होगा।
70 साल की उम्र से कम वाले लोगों के लिए योजना के पात्रता संबंधित नियम कुछ इस प्रकार हैं:
1. आवेदन करने वाला व्यक्ति SC/ST, कम आय वाले समूह या आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (EWS) से संबंधित होना चाहिए।
2. अगर आप ग्रामीण क्षेत्र में रहकर आयुष्मान कार्ड बनवाना चाहते हैं तो आपको इन बातों का ध्यान रखना होगा। आवेदक का संबंध SC/ST समूह से होना चाहिए। अगर परिवार में 16 साल की उम्र से 59 साल की उम्र तक का कोई सदस्य नहीं है तो भी आप आयुष्मान भारत कार्ड बनवा सकते हैं। परिवार का एक सदस्य दिव्यांग हो और अन्य कोई भी व्यस्क सदस्य न हो तो भी आप आयुष्मान भारत योजना का हिस्सा बन सकते हैं। अगर परिवार की कमाई का इकलौता स्त्रोत मजदूरी है और खेती के लिए जमीन नहीं है तो भी आप आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
3. शहरी क्षेत्र में रहते हैं और आयुष्मान भारत कार्ड बनवाना चाहते हैं तो आपको इन बातों का ध्यान रखना होगा। अगर शहरी कामगार हैं और आपका परिवार 2011 की जनगणना में बनाई गई सामाजिक-आर्थिक लिस्ट की व्यावसायिक कैटेगरी में शामिल है तो भी आप इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही अगर आपका परिवार राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का हिस्सा है तो भी आप इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
ये है रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया
जैसा कि हमने ऊपर बताया कि आयुष्मान भारत योजना के रजिस्ट्रेशन जल्द ही शुरू होने वाले हैं। अगर आप भी आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठाना चाहते हैं तो नीचे बताये जा रहे स्टेप्स के माध्यम से बेहद आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
स्टेप 1: आयुष्मान भारत की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
स्टेप 2: अपना आधार कार्ड या राशन कार्ड नंबर दर्ज करें। इसके बाद आपकी पात्रता जांची जाएगी।
स्टेप 3: परिवार की पहचान के लिए आवश्यक डॉक्यूमेंट सबमिट करें। इसके बाद आप अपना e-कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और प्रिंट निकालकर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
