Shivraj Singh Chouhan government will repay the loan interest of 11.9 lakh farmers: मध्य प्रदेश सरकार ने कर्ज लौटाने में चूक करने वाले 11.9 लाख किसानों के लोन पर ब्याज माफ करने को लेकर 2,123 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने मंगलवार को एक बैठक के दौरान इस प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की कर्ज राशि और ब्याज दोनों मिलाकर 2 लाख रुपये से कम है, उन्हें इस योजना में शामिल किया जाएगा।
योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को आवेदन करना होगा
राज्य मंत्रिमंडल ने मंगलवार को दी प्रस्ताव को मंजूरी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले साल घोषणा की थी कि राज्य सरकार उन किसानों के कृषि लोन पर लागू ब्याज बैंकों में जमा करेगी जिन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार के वादे के कारण अपना कर्ज नहीं चुकाया था। अधिकारी ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने मंगलवार को सहकारी बैंकों और समितियों से लिए गए लोन पर डिफॉल्ट किसानों के लिए ब्याज का भुगतान करने के लिए 2,123 करोड़ रुपये की राशि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को करना होगा आवेदन
उन्होंने कहा कि डिफॉल्ट किसानों को इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करना होगा और सहकारी समितियों को ऐसे व्यक्तियों की लिस्ट एक पोर्टल पर पब्लिश करनी होगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछली सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहले आरोप लगाया था कि पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा कर्ज माफी के वादे के कारण कई किसान कृषि लोन नहीं चुका पाए थे। उन्होंने कांग्रेस पर कृषि लोन माफी के वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया, जिसके कारण किसानों ने कर्ज नहीं चुकाया। दूसरी ओर, कांग्रेस ने दावा किया है कि उनकी सरकार के दौरान राज्य के लगभग 24 लाख किसानों को कृषि लोन माफी योजना का लाभ मिला।
भाषा इनपुट्स के साथ
