PAN Card Tips: आज के डिजिटल दौर में पहचान की चोरी और ऑनलाइन लोन फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कई बार लोगों को पता ही नहीं चलता कि उनके पैन कार्ड का इस्तेमाल करके किसी ने उनके नाम पर लोन ले रखा है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि कहीं आपके PAN कार्ड का दुरुपयोग तो नहीं हुआ है। अगर ऐसा हुआ है तो इसे समय रहते पकड़ना और सुधारना बहुत जरूरी है वरना आपका क्रेडिट स्कोर बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।
क्रेडिट रिपोर्ट से करें जांच की शुरुआत
आपका PAN सीधे आपकी क्रेडिट रिपोर्ट से जुड़ा होता है। किसी अन्य व्यक्ति द्वारा आपके नाम पर लोन लिए जाने की जानकारी आपको क्रेडिट रिपोर्ट के जरिए मिल सकती है। CIBIL, Experian, Equifax जैसे क्रेडिट ब्यूरो आपकी क्रेडिट हिस्ट्री को रिकॉर्ड करते हैं। आप इनकी वेबसाइट पर जाकर अपना PAN और मोबाइल नंबर वेरिफाई करके फ्री में अपनी रिपोर्ट देख सकते हैं और किसी संदिग्ध लोन की पहचान कर सकते हैं।
रिपोर्ट में इन संकेतों पर रखें नजर
क्रेडिट रिपोर्ट में आपको ध्यान से यह देखना चाहिए कि कहीं कोई ऐसा लोन या क्रेडिट कार्ड तो नहीं है, जिसे आपने कभी अप्लाई ही नहीं किया था। किसी अनजान बैंक, फाइनेंशियल कंपनी से लिया गया लोन, गलत अकाउंट नंबर या बिना आपके अप्लाई किए हुए ‘हार्ड इनक्वायरी’ ये सभी संकेत हो सकते हैं कि आपके PAN का दुरुपयोग हुआ है। ऐसे मामलों को नजरअंदाज करना आपके फ्यूचर लोन एप्लिकेशन को मुश्किल में डाल सकता है।
फर्जी लोन का पता चले तो तुरंत उठाएं कदम
अगर आपको लगता है कि आपके PAN कार्ड से कोई फर्जी लोन लिया गया है, तो सबसे पहले उस बैंक या लोन कंपनी को सूचित करें। साथ ही क्रेडिट ब्यूरो को भी मामले की रिपोर्ट करें। शिकायत के साथ पहचान का प्रमाण, लोन की डिटेल और एक हलफनामा भी देना पड़ सकता है। इसके अलावा, नजदीकी साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज करवाएं ताकि आगे किसी दुरुपयोग को रोका जा सके।
PAN कार्ड के दुरुपयोग से ऐसे करें बचाव
PAN नंबर को कभी भी किसी अनजान वेबसाइट, ऐप या व्हाट्सएप मैसेज पर शेयर न करें। अगर आपका PAN कार्ड खो गया है तो तुरंत रिप्रिंट के लिए आवेदन करें और अपनी क्रेडिट रिपोर्ट पर नजर रखें। बैंकिंग और लोन एप्लिकेशन से जुड़ी SMS और ईमेल नोटिफिकेशन एक्टिव रखें। मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें और समय-समय पर क्रेडिट रिपोर्ट जांचते रहें ताकि किसी भी फ्रॉड का जल्दी पता चल सके।
