गर्मी का मौसम आते ही घरों की छतों पर रखी प्लास्टिक की पानी की टंकियां तेज धूप में तपने लगती हैं। दोपहर के समय कई घरों में नलों से इतना गर्म पानी निकलता है कि उसका इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर प्लास्टिक की टंकी को ठंडा कैसे रखा जाए। कुछ आसान उपाय अपनाकर टंकी के पानी को काफी हद तक ठंडा और उपयोग योग्य बनाए रखा जा सकता है।
भीषण गर्मी में प्लास्टिक पानी की टंकी को ठंडा कैसे रखें, ये 6 तरीके आएंगे काम
1. सफेद पेंट करने से कम गर्म होगी टंकी
जानकारों के अनुसार, टंकी पर सफेद रंग करने से धूप का असर कम पड़ता है। सफेद रंग सूरज की किरणों को ज्यादा रिफ्लेक्ट करता है, जिससे टंकी कम गर्म होती है और पानी का तापमान भी नियंत्रित रहता है। यही कारण है कि कई लोग काली या गहरे रंग की टंकियों की बजाय हल्के रंग की टंकियां पसंद करते हैं।
2. शेड लगाने से सीधे धूप से मिलेगी राहत
टंकी को गर्म होने से बचाने के लिए उसके ऊपर टिन शेड, फाइबर शेड या PUF पैनल शेड लगाना भी कारगर उपाय माना जाता है। इससे टंकी पर सीधी धूप नहीं पड़ती और पानी अपेक्षाकृत ठंडा बना रहता है। जिन घरों में छत पर खुली धूप ज्यादा आती है, वहां यह तरीका काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
3. ग्रीन नेट और जूट कवर भी हैं असरदार
टंकी को ग्रीन नेट या गीली जूट की बोरी से ढंकने पर भी तापमान कम रखने में मदद मिलती है। जूट में नमी रहने से ठंडक बनी रहती है और टंकी पर पड़ने वाली गर्मी का असर कम होता है। कई लोग गर्मियों में इस घरेलू उपाय का इस्तेमाल करते हैं।
4. ईंट की जाली और स्टैंड से मिलेगा फायदा
टंकी के चारों ओर ईंट की जाली बनाने से उस पर सीधी धूप नहीं पड़ती। साथ ही टंकी को स्टैंड पर रखने से नीचे और आसपास हवा का प्रवाह बना रहता है, जिससे गर्मी कम होती है। जमीन से थोड़ा ऊपर रखी टंकी अपेक्षाकृत कम गर्म होती है।
5. पाइप लाइन को भी रखें सुरक्षित
सिर्फ टंकी ही नहीं, बल्कि पाइप लाइन भी पानी गर्म करने में बड़ी भूमिका निभाती है। धूप में खुले पाइप जल्दी गर्म हो जाते हैं, जिससे पानी का तापमान बढ़ जाता है। ऐसे में पाइप को कवर करने या इंसुलेशन लगाने की सलाह दी जाती है।
6. इंसुलेटेड टंकी हो सकती है बेहतर विकल्प
आजकल बाजार में डबल लेयर और इंसुलेटेड टंकियां भी उपलब्ध हैं, जो लंबे समय तक पानी को ठंडा बनाए रखने में मदद करती हैं। इसके अलावा टंकी को पूरी तरह खाली न रखने की भी सलाह दी जाती है, क्योंकि कम पानी तेजी से गर्म हो जाता है।
