How to Find Your Lost Aadhaar Number : भारत में रहने वाले लोगों के लिए आधार कार्ड (Aadhaar Card) उनकी पहचान को सत्यापित करने वाला एक जरूरी सरकारी डॉक्यूमेंट है। घर से बाहर निकलने के साथ ही, हर दूसरे काम में आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। ऐसे में क्या हो जब पहचान को सत्यापित करने वाला यह डॉक्यूमेंट ही कहीं खो जाए। मुश्किल तो तब खड़ी होती है जब आधार नंबर भी याद न हो और आधार मोबाइल नंबर से भी लिंक्ड न हो। तो क्या ऐसी स्थिति में आधार दोबारा नहीं पाया जा सकता है? अगर आप भी ऐसा सोच रहे हैं तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। UIDAI की ओर से आधार कार्ड धारकों को आधार नंबर खो जाने या भूल जाने की स्थिति में भी उसे वापस पाने के कई विकल्प दिए जाते हैं। भले ही आपका मोबाइल नंबर या ईमेल आधार से लिंक न हो।
खोया हुआ आधार ऐसे मिलेगा वापस
आधार एनरोलमेंट सेंटर
आप अपने नजदीकी आधार एनरोलमेंट सेंटर पर जाकर “Print Aadhaar” सेवा की मदद से अपना आधार नंबर प्राप्त कर सकते हैं। अगर आपका आधार नंबर खो गया है और मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, तो आपको खुद आधार सेंटर पर जाना होगा, जहां आपसे नाम, लिंग, जिला या पिन कोड जैसी जरूरी जानकारी मांगी जाएगी (जैसा आधार में दर्ज है)। अगर एक से ज्यादा रिकॉर्ड सामने आते हैं, तो जन्म वर्ष, C/O या राज्य जैसी अतिरिक्त जानकारी भी देनी पड़ सकती है। इसके बाद आपकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन (फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन) किया जाएगा। सभी जानकारी सही मिलने पर ऑपरेटर आपको e-Aadhaar का प्रिंटआउट दे देगा, जिसके लिए अधिकतम 30 रुपये तक का शुल्क लिया जा सकता है।
UIDAI हेल्पलाइन नंबर 1947
आप टोल-फ्री नंबर 1947 पर कॉल कर भी अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव को अपनी जरूरी डेमोग्राफिक जानकारी देनी होती है। सही जानकारी मिलने पर आपको कॉल के दौरान ही EID (Enrolment ID) प्रदान कर दी जाती है। अच्छी बात यह है कि यह सेवा पूरी तरह मुफ्त होती है।
Enrolment ID मिलने के बाद आप फिर से 1947 पर कॉल करें और भाषा चुनने के बाद ऑप्शन 1 (Request Status) तथा फिर ऑप्शन 2 (Aadhaar Enrolment Status) दबाएं। अब अपना EID नंबर दर्ज करें, फिर अपनी जन्मतिथि और पिन कोड दर्ज करें। अगर दी गई जानकारी सही पाई जाती है, तो IVRS सिस्टम आपको आपका आधार नंबर बता देगा। यह सेवा भी पूरी तरह निःशुल्क है।
