Diwali Safety Tips: दिवाली का त्योहार आते ही घरों की सजावट शुरू हो जाती है। कोई रंगोली बनाता है तो कोई घर को सजाने के लिए रंग-बिरंगी झालर लाइट (Hanging Decorative Lights) और LED स्ट्रिंग लाइट का इस्तेमाल करता है। बाजार में भी कई तरह की इलेक्ट्रिक झालर उपलब्ध हैं। हालांकि, घर को खूबसूरत बनाने के चक्कर में बिजली से जुड़ी सुरक्षा को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। खराब वायरिंग, घटिया क्वालिटी की लाइट या गलत तरीके से लगाया गया कनेक्शन शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का कारण बन सकता है। ऐसे में दिवाली की सजावट के लिए झालर लगाने से पहले इन 5 बातों का ध्यान रखना जरूरी है-
घर सजाने के चक्कर में न हो जाए कोई बड़ा हादसा (AI Generated Image)
अच्छी क्वालिटी और सर्टिफाइड झालर खरीदें
दिवाली के लिए झालर खरीदते समय केवल उसकी कीमत और डिजाइन न देखें। हमेशा अच्छी क्वालिटी वाली लाइट खरीदें। कोशिश करें कि BIS मार्क या संबंधित सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रमाणित प्रोडक्ट ही चुनें। बहुत सस्ती और बिना ब्रांड वाली झालर खरीदने से बचें, क्योंकि इनमें खराब वायरिंग और कमजोर इंसुलेशन का खतरा हो सकता है।
वायर और प्लग की अच्छी तरह जांच करें
झालर लगाने से पहले उसकी पूरी वायरिंग चेक करें। कहीं तार कटा हुआ, छिला हुआ या जला हुआ तो नहीं है। प्लग और सॉकेट में भी किसी तरह की टूट-फूट नहीं होनी चाहिए। अगर वायरिंग में कोई खराबी दिखाई देती है तो उसे इस्तेमाल न करें। टेप लगाकर खराब तार को इस्तेमाल करना सुरक्षित विकल्प नहीं है।
एक सॉकेट में ज्यादा झालर न लगाएं
घर को ज्यादा रोशन करने के लिए कई बार लोग एक ही सॉकेट में एक्सटेंशन बोर्ड लगाकर कई झालर जोड़ देते हैं। ऐसा करने से सर्किट पर जरूरत से ज्यादा लोड पड़ सकता है और वायर गर्म होकर आग लगने का कारण बन सकती है। इसलिए सॉकेट की क्षमता और झालर की बिजली खपत को ध्यान में रखकर ही कनेक्शन करें।
पानी और नमी से दूर रखें झालर
अगर आप बालकनी, छत या घर के बाहर झालर लगा रहे हैं तो ऐसी लाइट चुनें जो बाहरी इस्तेमाल के लिए ही सही हो। खुले तारों और कनेक्शन को बारिश, पानी और नमी से बचाएं। गीले हाथों से प्लग या स्विच को छूने से भी बचना चाहिए।
घर से निकलते समय बंद कर दें लाइट
दिवाली की रात घर को रोशन रखना अच्छा लगता है, लेकिन झालर को लगातार चालू छोड़ना सुरक्षित नहीं है। सोने से पहले और घर से बाहर जाते समय सभी झालर और सजावटी लाइट बंद कर दें। संभव हो तो टाइमर वाली लाइट का इस्तेमाल करें।
