Power Bank Ban in Flights : नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) विमान में पावर बैंक के इस्तेमाल को लेकर संभावित प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है। यह कदम इंडिगो की 19 अक्टूबर की उड़ान में एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने की घटना के बाद उठाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि DGCA पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के बजाय कुछ हद तक नियमों में संशोधन कर सकती है।
उड़ानों में पावर बैंक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा सकता है डीजीसीए (तस्वीर-istock)
घटना और तत्काल प्रतिक्रिया
घटना दिल्ली हवाई अड्डे से दीमापुर जाने वाली इंडिगो की उड़ान में हुई थी। विमान में यात्रा कर रहे एक यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई, जिसे चालक दल ने तुरंत नियंत्रित कर आग बुझा दी। अधिकारियों ने बताया कि किसी यात्री को इस घटना में कोई चोट नहीं आई, लेकिन यह सुरक्षा संबंधी चिंता का विषय बन गई है। नागर विमानन मंत्री केटी राममोहन नायडू ने 25 अक्टूबर को कहा था कि DGCA इस घटना की गहन समीक्षा करेगा। इसके तहत विमान में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और विशेषकर पावर बैंक के सुरक्षित उपयोग के मानकों की जांच की जाएगी।
वैश्विक मानकों और संभावित नियम
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक DGCA ने कहा कि पावर बैंक पर संभावित प्रतिबंध तय करने से पहले वैश्विक स्तर पर लागू नियमों और प्रथाओं का अध्ययन किया जा रहा है। अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि अभी पूरी तरह से पावर बैंक पर प्रतिबंध लगाने की योजना नहीं है। इसके बजाय कुछ सीमित नियम लागू किए जा सकते हैं, जैसे क्षमता की सीमा तय करना या बोर्डिंग के दौरान विशेष प्रोटोकॉल अपनाना। विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय विमानन उद्योग में भी पावर बैंक से संबंधित सुरक्षा मामलों को गंभीरता से देखा जाता है। कई एयरलाइंस ने पहले ही 100Wh से अधिक क्षमता वाले पावर बैंक को कैरी-ऑन बैगेज में ले जाने से रोक रखा है। DGCA इस दिशा में भारतीय परिप्रेक्ष्य से उपयुक्त नियम तैयार कर सकती है।
यात्रियों और एयरलाइंस के लिए प्रभाव
अगर DGCA कुछ प्रतिबंध लागू करती है, तो यात्रियों को बोर्डिंग से पहले पावर बैंक की क्षमता और स्थिति जांचने के लिए अधिक सतर्क रहना होगा। एयरलाइंस को भी यात्रियों को सूचित करना और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना होगा। अधिकारियों ने कहा कि यह कदम एयर ट्रैवल को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में है और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। DGCA की समीक्षा पूरी होने के बाद पावर बैंक के उपयोग से संबंधित नियमों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
